विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोने की रंगत पड़ी फीकी, खरीदारों के चमके चेहरे; 55 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक गिरे सोने के दाम

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:17 PM (IST)

सोने की कीमतों में इस साल भारी उतार-चढ़ाव देखा गया, जनवरी में रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद नवंबर में बड़ी गिरावट आई। हमीरपुर में सोने के दाम ₹55,000 तक सस्ते होने से खरीदारों को राहत मिली है।

सोने की कीमतों में कमी आई है। प्रतीकात्मक फोटो

सोने की कीमतों में कमी आई है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. इस साल सोने की कीमतों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव रहा।

  2. जनवरी में रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद नवंबर में दाम गिरे।

  3. हमीरपुर में सोना ₹55,000 तक सस्ता, खरीदारों को राहत।

रवि ठाकुर, हमीरपुर। सोने की कीमतों में इस साल जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। जनवरी में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद नवंबर में दाम में बड़ी गिरावट दर्ज की है। साल के उच्चतम स्तर से सोना करीब 53 से 55 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो चुका है। सोने के दाम कम होने से लोगों को राहत मिली है। हिमाचल प्रदेश में जिला हमीरपुर के सराफा बाजार में भी इस गिरावट का असर देखने को मिल रहा है।

जनवरी में एक साथ बड़े थे भाव

जनवरी 2026 में वैश्विक तनाव और सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने के कारण सोने की कीमतों में तेजी आई थी। एक से 30 जनवरी के बीच सोने के भाव में 44,043 रुपये प्रति 10 ग्राम यानी 32.16 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की थी। इस दौरान सोना करीब 1.81 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर तक पहुंचा था।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने ने 5,500 से 5,626 डॉलर प्रति औंस का रिकार्ड स्तर छुआ था। इसके बाद बाजार का रुख बदला और कीमतों में गिरावट का दौर शुरू हो गया।

1.27 लाख तक पहुंचे दाम

एक जनवरी 2026 को सोने का भाव 1,36,943 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जबकि 24 नवंबर को 24 कैरेट सोना करीब 1,27,800 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,17,150 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास रहा। इस तरह साल की शुरुआत के मुकाबले सोना 9,143 रुपये यानी करीब 6.7 प्रतिशत सस्ता हुआ है। लगातार दस दिनों की गिरावट के बाद 24 नवंबर को बाजार में मामूली रिकवरी भी देखने को मिली।

गड़बड़ा गया था शादी का बजट

जनवरी में सोने के दाम जिस तेजी से बढ़े थे। उससे शादी की खरीदारी का बजट बिगड़ गया था। अब कीमतों में गिरावट आने से राहत मिली है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भाव और कम होंगे।
-ममता देवी। 

भाव और नीचे आने की आस

सोने के दामों में गिरावट आम लोगों के लिए राहत की बात है। लंबे समय से कीमतें कम होने का इंतजार कर रहे थे। अभी भी सोना महंगा है, लेकिन भाव और नीचे आते हैं तो लोग गहने खरीद सकेंगे।
-संजीव ठाकुर। 

क्या कहते हैं कारोबारी

सोने के भाव में एकदम गिरावट आने से ज्वेलर्स को भी फर्क पड़ता है। पहले जिस कीमत पर सोना खरीदा था, अब उसका बाजार भाव कम हो गया है। हालांकि, कीमतें कम होने से ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं और शादी-विवाह के गहनों की मांग बढ़ी है।
-प्रदीप कुमार, कारोबारी।

यह भी पढ़ें: 75 की उम्र में पहनी शेरवानी, 63 की सबीना ने लाल साड़ी में लिए 7 फेरे; बिलासपुर ओल्ड एज होम में गूंजी शहनाई 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।