75 की उम्र में पहनी शेरवानी, 63 की सबीना ने लाल साड़ी में लिए 7 फेरे; बिलासपुर ओल्ड एज होम में गूंजी शहनाई
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना ने अपना घर वृद्धाश्रम में शादी की। इस अनूठे विवाह समारोह में डीसी बिलासपुर सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

बिलासपुर ओल्ड एज होम में कन्हैया लाल और सबीना की शादी की रस्में निभाई गईं। जागरण
HighLights
बिलासपुर वृद्धाश्रम में 75 वर्षीय कन्हैया लाल, 63 वर्षीय सबीना का विवाह।
उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना ने नवदंपति को दिया आशीर्वाद।
दोनों नालागढ़ वृद्धाश्रम में शुरू करेंगे अपना नया जीवन।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में एक अनोखा विवाह हुआ। 75 साल की उम्र में कन्हैया लाल ने शेरवानी पहनी तो 63 की सबीना ने लाल साड़ी पहनकर सात फेरे लिए। उम्र के आखिरी पड़ाव पर दो दिलों के एक होने की यह अनूठी कहानी बुधवार को विवाह के पवित्र बंधन में बंध गई।
टेंट लगा, स्टेज पर वरमाला पहनाई
बिलासपुर जिला के घाघस क्षेत्र के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में शादी की शहनाई बजी। बकायता टेंट लगाया गया व स्टेज पर वरमाला पहनाई गई। बुधवार सुबह से ही अपना घर वृद्धाश्रम में शादी को लेकर उत्साह का माहौल रहा। शहनाई की मधुर धुनों के बीच दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवनभर निभाने का संकल्प लिया।
अन्य बुजुर्गों ने दिया आशीर्वाद
वृद्धाश्रम में रह रहे अन्य बुजुर्गों और संस्थान के सदस्यों ने भी इस खास मौके पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने नवदंपती को बधाई दी और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
डीसी बिलासपुर भी पहुंची
इस अनूठे विवाह समारोह में उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना भी पहुंचीं। उन्होंने नवदंपती को विवाह की बधाई देते हुए शगुन भी दिया। उपायुक्त ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए सबीना और कन्हैया लाल के नए जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला कल्याण अधिकारी ने की खुशहाली की कामना
शादी में जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल और अपना घर वृद्धाश्रम के संस्थापक प्रकाश बंसल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने नवदंपती को आशीर्वाद देकर उनके जीवन में खुशहाली की कामना की। शादी के बाद दोनों नालागढ़ स्थित वृद्धाश्रम में अपना नया जीवन शुरू करेंगे।
कौन हैं सबीना और कन्हैया लाल
कोलकाता निवासी 63 वर्षीय सबीना और मंडी जिला के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग गांव निवासी 75 वर्षीय कन्हैया लाल अब एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी बन गए हैं। कन्हैया लाल की पत्नी के निधन के बाद उनके भाइयों ने उन्हें बेदखल कर दिया। वह कई दिन तक गुफा में भी रहे, इसके बाद किसी तरह वृद्धाश्रम में पहुंचे। कोलकाता की सबीना परिवार के साथ शिमला घूमने आई थीं, जो यहां भटक कर रह गईं। पहले मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह कुछ भी नहीं बता पाईं, जब ठीक हुईं तो उन्होंने यहीं रहने का मन बना लिया।
यह भी पढ़ें: बिलासपुर वृद्धाश्रम में गूंजी शहनाई, 75 की उम्र में कन्हैया लाल को लगी मेहंदी; सबीना के साथ कल 7 फेरे लेंगे
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।