'अपराध आपने किया दोष हम पर क्यों', पेपर लीक के आरोपों पर जयराम ठाकुर विधायक केवल पठानिया पर हुए तलख
हिमाचल विधानसभा में पेपर लीक पर बहस के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया के आरोपों का खंडन किया।

हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर। जागरण आर्काइव
राज्य ब्यूरो, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया के आरोपों पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने तल्खी दिखाई। उन्होंने कहा कि अपराध कांग्रेस सरकार के समय हुआ तो दोष हम पर क्यों लगाया जा रहा है।
स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि विपक्ष के विधायक भ्रष्टाचार के जो आरोप लगा रहे हैं, वह बेबुनियाद है। इनके न तो कोई दस्तावेज उनके पास हैं न ही तथ्य।
पूर्व सरकार के समय प्रश्नपत्र बेचे गए
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने शासन की बातें कैसे भूल सकती है। पूर्व भाजपा सरकार के समय प्रश्न पत्र को बेचा गया, प्रश्न पत्र लीक हुए। आज वे भ्रष्टाचार को लेकर भाषण दे रहे हैं।
जो लिखकर दिया वही पढ़ने का काम कर रहे
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने तल्खी दिखाई। उन्होंने कहा कि विधायक को जो लिखकर दिया है वे उसे ही पढ़ने का काम कर रहे हैं। 11 दिसंबर 2022 को मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शपथ ली, भाजपा सत्ता से बाहर थी। 23 दिसंबर 2022 को पेपर लीक हुआ और इसे रद् किया गया।
16 मामले दर्ज, एक को भी सजा क्यों नहीं
उन्होंने कहा कि कुल 16 मामले दर्ज हुए हैं, 4 की क्लोजर रिपोर्ट हुई हैं। सात लंबित अभियोजन हैं। तीन मामलों की अभी जांच चल रही है और दो की अभियोजन मंजूरी मिली है। अभी तक किसी भी व्यक्ति को सजा नहीं हुई है। जबकि सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में जो अपराध हुआ उसका दोष हमें क्यों दिया जा रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि जो भी दोषी हो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
विधायक विषय पर बोलें
उन्होंने कहा कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के समय पेपर लीक हुए। उन्होंने कांग्रेस विधायक को सलाह दी कि वह विषय पर बोलें। पठानिया ने कहा कि वह सच्चाई बोल रहे हैं तो विपक्ष को तकलीफ तो होनी ही थी। देश के युवा दिल्ली में सड़कों पर थे उन पर लाठियां भांजी गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।