विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'भाजपा को सत्ता का चस्का, कुछ भी करने को तैयार', मंत्री धर्माणी का आरोप- मनाली में अभिनेत्री को बिना टेंडर होटल दिया

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 18 Nov 2026 01:16 PM (IST)

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने विधानसभा में भाजपा पर सत्ता के लालच, भ्रष्टाचार और पिछली सरकार में मनाली में बिना टेंडर होटल आवंटन जैसे गंभीर आरोप लगाए।

हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी। जागरण आर्काइव

हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. धर्माणी ने भाजपा पर सत्ता के लालच का आरोप लगाया।

  2. मनाली में अभिनेत्री को बिना टेंडर होटल देने का जिक्र।

  3. वर्तमान सरकार की जनहितैषी नीतियों से 'मिशन रिपीट' का दावा।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश सरकार के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने विधानसभा में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कहा कि भाजपा को आदमखोर भेड़िये की तरह सत्ता का चस्का लग गया है और वह सत्ता हासिल करने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने केवल केंद्रीय नेतृत्व के दबाव में आकर सदन में स्थगन प्रस्ताव लाया है, जबकि उनके पास भ्रष्टाचार का कोई ठोस तथ्य नहीं है।

जनहितैषी नीतियों के दम पर हम करेंगे मिशन रिपीट

राजेश धर्माणी ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के तहत व्यर्थ के खर्चों पर रोक लगाई है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार कड़े सुधारों के साथ आगे बढ़ रही है और इन्हीं जनहितैषी नीतियों के दम पर हम प्रदेश में 'मिशन रिपीट' करेंगे।

मनाली में एक अभिनेत्री को बिना टेंडर होटल दे दिया

उन्होंने पूर्व सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछली सरकार के समय होटलों का निजीकरण और आवंटन बिना पारदर्शिता के हुआ, यहां तक कि मनाली में एक अभिनेत्री को भी बिना टेंडर के होटल दे दिया गया, जबकि वर्तमान सरकार टेंडर के माध्यम से होटलों को लीज पर दे रही है।

चंदा चोरी और धर्म के नाम पर राजनीति का आरोप

धर्माणी ने कहा कि भाजपा 1980 से देश की जनता को ठग रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भगवान श्रीराम सबकी आस्था के प्रतीक हैं और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए कांग्रेस नेताओं और आम जनता ने भी सहयोग राशि दी थी। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा से जुड़े लोगों ने राम मंदिर न्यास को मिले चढ़ावे की भी चोरी की और चंदा एकत्र कर चंदा चोरी जैसा कृत्य किया। ऐसे लोगों को भ्रष्टाचार पर बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

पूर्व सरकार की नीतियों और संसाधनों की लूट पर घेरा

मंत्री ने कहा कि भाजपा ने नियम 67 पर चर्चा से लाई है अपने कार्यकाल में भाजपा ने खनन माफिया को संरक्षण देकर राज्य के संसाधनों को लूटा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार स्वर्गीय पंडित सुखराम के दिखाए मार्ग पर चलते हुए प्रदेश के जल, जंगल और जमीन को बचाने की नीति पर काम कर रही है। धर्माणी ने दावा किया कि सरकार के पास आर्थिक स्थिति सुधारने का स्पष्ट विजन है और राज्य को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: 'तथ्य के साथ आरोप लगाएं वरना FIR दर्ज करवाएंगे', CM सुक्खू की विधानसभा में भाजपा विधायक को चेतावनी 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।