नशा तस्करी कर बना लिया शॉपिंग कॉम्पलैक्स और दोमंजिला भवन, नूरपुर पुलिस ने 74.12 लाख की प्रॉपर्टी फ्रीज की
नूरपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 74.12 लाख रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज की है। ...और पढ़ें

जवाली में नूरपुर पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई। सौजन्य: पुलिस
HighLights
नूरपुर पुलिस ने 74.12 लाख की अवैध संपत्ति फ्रीज की।
नशा तस्कर रमेश कुमार की संपत्ति पर कार्रवाई हुई।
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और ट्रैक्टर जब्त, कुल 30 करोड़ की संपत्ति।
संवाद सहयोगी, नूरपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति पर शिकंजा कसते हुए नूरपुर में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 74,12,854 रुपये मूल्य की दो संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा ने कहा कि इस कार्रवाई से तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिलेगी।
कार्रवाई पुलिस थाना ज्वाली में दर्ज एफआईआर से जुड़ी है। 6 अक्टूबर 2025 को आरोपित रमेश कुमार को नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने संपत्तियों की खरीद में इस्तेमाल धन और उसके स्रोत की पड़ताल की और फ्रीज करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
दोमंजिला भवन व शॉपिंग कॉम्पलैक्स
आरोपित की पहली संपत्ति गांव लब, डाकघर मक्राहन, तहसील जवाली, जिला कांगड़ा में स्थित दो मंजिला आवासीय भवन-सह-शॉपिंग कॉम्पलैक्स है। इसमें सात दुकानें हैं और इसका निर्धारित मूल्य 68,99,462 रुपये है, जबकि उसकी दूसरी संपत्ति ट्रैक्टर है। यह अंकित चौधरी के नाम पर पंजीकृत है। इसे वर्ष 2019 में 5,13,392 रुपये में खरीदा गया था।
प्रासंगिक नहीं पाए गए प्रमाण
वर्ष 2023-24 से 2026-27 तक के आयकर रिटर्न वर्ष 2019 की खरीद के धन-स्रोत के प्रमाण के लिए प्रासंगिक नहीं पाए गए। इस आधार पर ट्रैक्टर को फ्रीज करने के आदेश की भी पुष्टि की गई। दोनों संपत्तियों का कुल मूल्य 74,12,854 रुपये है। आदेश के तहत आवश्यक अनुमति के बिना इनका हस्तांतरण या इनके संबंध में लेन-देन नहीं किया जा सकता।
30 करोड़ 70 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस के अनुसार अब तक नूरपुर पुलिस जिला में नशा तस्करों की 30,70,05,711 रुपये मूल्य की संपत्तियों को सक्षम प्राधिकारी की पुष्टि के बाद जब्त किया जा चुका है। पुलिस ने लोगों से नशा तस्करी या अवैध मादक पदार्थों के कारोबार की जानकारी साझा करने की अपील की है।
