विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल: कांगड़ा के बंटवारे पर कांग्रेस में दो फाड़, विभाजन के खिलाफ उतरे MLA बाली; मंत्री गोमा ने की नए जिले की वकालत

Published: Tue, 17 Nov 2026 10:06 PM (IST)

हिमाचल में जिलों के गठन, खासकर कांगड़ा के संभावित विभाजन पर सियासी बहस छिड़ गई है। कांग्रेस के दो वरिष्ठ ...और पढ़ें

मीडिया के सामने अपनी बात रखते कांग्रेस विधायक आरएस बाली। फोटो- सोशल मीडिया

मीडिया के सामने अपनी बात रखते कांग्रेस विधायक आरएस बाली। फोटो- सोशल मीडिया

HighLights

  1. कांगड़ा जिले के संभावित विभाजन पर हिमाचल में बहस।

  2. कांग्रेस नेताओं आरएस बाली, यादविंदर गोमा की अलग राय।

  3. भाजपा ने सुक्खू सरकार पर मतभेद का आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल में जिलों का गठन सियासी बहस का मुद्दा बन गया है। जनसंख्या के लिहाज से प्रदेश के सबसे बड़े जिले कांगड़ा के संभावित विभाजन पर कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं की अलग-अलग राय है। नगरोटा बगवां के विधायक एवं पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली कांगड़ा को बांटने के विरोध में हैं, जबकि आयुष मंत्री यादविंदर गोमा जिले बनाने के पक्ष में हैं।

भाजपा विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने इसे सरकार के भीतर मतभेद बताते हुए सुक्खू सरकार पर निशाना साधा। सदन के बाहर विधायक एवं पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि कांगड़ा को अलग करके नया जिला नहीं बनाया जाना चाहिए।

प्रशासनिक कामों के लिए कई घंटे का सफर

वहीं, पत्रकारों के साथ बातचीत में आयुष मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि जिलों के गठन पर सरकार और कांग्रेस में मतभेद नहीं हैं। हर क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां और जनभावनाएं अलग हैं। नगरोटा बगवां से धर्मशाला की दूरी 15 किलोमीटर भी नहीं, जबकि कांगड़ा के दूरदराज इलाकों के लोगों को प्रशासनिक कामों के लिए कई घंटे सफर करना पड़ता है।

उनके विधानसभा क्षेत्र जयसिंहपुर से इंदौरा की दूरी कई किलोमीटर ज्यादा है। प्रशासनिक सुविधाएं बेहतर करने के लिए जिलों की प्रासंगिकता पर विचार जरूरी है।

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की ओर से नए जिलों और प्रशासनिक पुनर्गठन पर कमेटी गठित करने का गोमा ने स्वागत किया और कहा कि फैसला कमेटी की रिपोर्ट और सिफारिशों के आधार पर होगा। रिपोर्ट सकारात्मक रही तो वह जयसिंहपुर, पालमपुर, सुलह और बैजनाथ विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर जिला बनाने की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे।

'विधानसभा में विषय पर चर्चा से बच रही सरकार'

भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर ने आरोप लगाया कि जिलों के मुद्दे पर सरकार के विधायक और मंत्री एकमत नहीं हैं। उनके अनुसार, सीएलपी बैठक में सामने आई असहमति अब खुलकर दिख रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सत्ता पक्ष के विधायकों के सदन में उलझने की आशंका के कारण सरकार विधानसभा में इस विषय पर चर्चा से बच रही है।

उन्होंने सरकार की मंशा और प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए जिले बनाने के लिए योजना और संसाधनों का ब्योरा मांगा। कमेटी की रिपोर्ट के बाद सरकार का रुख और कांगड़ा के विभाजन पर फैसला इस बहस की दिशा तय करेगा।

यह भी पढ़ें- 'सभी विकल्प खुले...', मंत्री नहीं बनाए जाने पर कांग्रेस MLA सुंदर ठाकुर के बगावती तेवर, अपनी ही सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।