सेना के अपमान पर हिमाचल विधानसभा में जोरदार हंगामा, मंत्री नेगी के खिलाफ नारेबाजी; दोनों पक्ष में गहमागहमी
हिमाचल प्रदेश विधानसभा सत्र में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की राफेल सौदे और सैन्य अभियानों से जुड़ी टिप्पणियों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखा हंगामा हुआ।

हिमाचल विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करते भाजपा विधायक। जागरण
HighLights
राजस्व मंत्री नेगी की राफेल सौदे पर टिप्पणी से हंगामा।
विपक्ष ने सेना के अपमान का आरोप लगाकर माफी मांगी।
दोनों पक्षों की नारेबाजी के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान वीरवार को राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की राफेल सौदे और सैन्य अभियानों से जुड़ी टिप्पणियों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक व जोरदार हंगामा हुआ। विपक्ष के हंगामे और दोनों ओर से हुई नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा।
माफी मांगें नेगी, कार्यवाही से हटें उनकी टिप्पणी
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राजस्व मंत्री पर भारतीय सेना का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जगत सिंह नेगी को राफेल और 'ऑपरेशन सिंदूर' पर की गई अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा उनकी बातों को सदन की कार्यवाही से हटाया जाए। भाजपा विधायकों ने भी कांग्रेस पर देशविरोधी सोच रखने का आरोप लगाया।
नेगी ने आरोप किए खारिज
दूसरी ओर, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष उन पर कोई आरोप लगा रहा है तो उसे सिद्ध भी करे। नेगी ने राफेल विमानों की कीमतों में कथित वृद्धि (700 करोड़ से 2300 करोड़ रुपये होने) और बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर की शहादत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सदन में उन्हें बोलने से रोकना गलत है।
सदन के बीच नारेबाजी
इस मुद्दे पर देखते ही देखते माहौल गरमा गया। भाजपा विधायक वेल में आकर मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करने लगे, वहीं सत्ता पक्ष की ओर से भी जवाबी नारे लगे। बढ़ते गतिरोध और शोरगुल के बीच सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
विपक्ष के अड़ने पर अध्यक्ष ने शब्द हटाने का आश्वसान दिया
विपक्ष मंत्री नेगी से माफी की मांग पर अड़ा है और सदन की कार्यवाही से शब्दों को हटाने की मांग की। संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन इसे पासिंग रेफरेंस बता रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने सेना के विरुद्ध कोई भी टिप्पणी व शब्द हटाने का आश्वासन दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।