हिमाचल विधानसभा की कार्यवाही के दौरान बजा फायर अलार्म, सुरक्षा कर्मचारी आए हरकत में
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान अचानक फायर अलार्म बज उठा, जिससे सदन में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का तपोवन स्थित परिसर। जागरण आर्काइव
HighLights
विधानसभा शीतकालीन सत्र में अचानक बजा फायर अलार्म।
अलार्म बजते ही सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए।
सदन में कोई घबराहट नहीं, सदस्य शांतिपूर्ण बैठे रहे।
जागरण टीम, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन दोपहर बाद अचानक सदन में फायर अलार्म बजने लगा। कुछ देर अलार्म बजने के बाद बंद हो गया। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया। अलार्म बजते ही सुरक्षा कर्मी हरकत में आए।
सदन में नियम 67 के तहत चर्चा के दौरान विधायक हरदीप बाबा चर्चा में बोल रहे थे। सदन में लगा फायर अलार्म एकदम से बजने लगा। सदन में अलार्म के बजते समय भाजपा विधायक हरदीप सिंह बाबा को बोलने से रोकते रहे, लेकिन उन्होंने चर्चा बंद नहीं की। लगभग एक मिनट तक अलार्म बजने के बाद बंद हुआ।
तुरंत हरकत में आए सुरक्षा कर्मी
इस दौरान सदन में किसी तरह की कोई हड़बड़ी नहीं मची। सदन में सभी सदस्य और अन्य शांतिपूर्ण बैठे रहे। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हरकत में आते हुए मोर्चा संभाल लिया।
आखिर क्यों बजा अलार्म
सुरक्षा कर्मचारी अलार्म बजने की वजह की जांच कर रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी के द्वारा स्मोकिंग करने के कारण यह अलार्म बजा है। फिलहाल सुरक्षा कर्मी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।