'प्रोफेसर के व्यवहार से आहत थी धर्मशाला कॉलेज की छात्रा', मां ने बताई पुलिस को हकीकत; सुसाइड नोट पर भी जांच तेज
धर्मशाला के राजकीय महाविद्यालय की एक छात्रा ने कथित तौर पर एक प्रोफेसर के दुर्व्यवहार से आहत होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को सुसाइड नोट मिला है।

धर्मशाला कॉलेज परिसर। जागरण आर्काइव
HighLights
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की छात्रा ने की आत्महत्या।
प्रोफेसर के कथित दुर्व्यवहार से आहत होकर उठाया कदम।
पुलिस को सुसाइड नोट मिला, मामले की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के नामी कॉलेज धर्मशाला की छात्रा ने सुसाइड कर लिया। छात्रा के सुसाइड नोट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, छात्रा की मां ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी बेटी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला में बीए अंतिम वर्ष में पढ़ती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि महाविद्यालय की एक महिला प्रोफेसर की ओर से बेटी से कथित दुर्व्यवहार किया गया था।
12 नवंबर को महाविद्यालय में सबके सामने हुई बेइज्जती के कारण बेटी मानसिक रूप से परेशान थी। इस कारण बेटी ने यह कदम उठाया है। उन्होंने पुलिस से अध्यापिका के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
नाले के पास फंदे से झूलती मिली छात्रा
शिव मंदिर सकोह के पास रहने वाली छात्रा ने नाले के समीप एक एंगल से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके पर सुसाइड नोट भी मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस थाना धर्मशाला की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मां के बयान व सुसाइड नोट पर जांच
पुलिस सुसाइड नोट में लिखी बातों और स्वजन की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस की ओर से संबंधित प्रोफेसर से भी पूछताछ की जा सकती है। मामले की पुष्टि एसपी कुलभूषण वर्मा ने की है।