धर्मशाला के मैक्सिमस मॉल में भड़की आग, परिसर और थियेटर में थे सैकड़ों लोग; दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
धर्मशाला के मैक्सिमस मॉल में बुधवार दोपहर बाद केएफसी स्टोर में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग ने तुरंत पहुंचकर आग पर काबू पाया।

धर्मशाला के मैक्सिमस मॉल में भड़की आग पर काबू पाती दमकल टीम। जागरण
HighLights
मैक्सिमस मॉल के केएफसी स्टोर में लगी आग।
दमकल कर्मियों ने तुरंत पहुंचकर आग पर पाया काबू।
सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाला गया, बड़ा हादसा टला।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला के मैक्सिमस मॉल में बुधवार दोपहर बाद आग भड़क गई। बताया जा रहा है केएफसी स्टोर में आग लगी। आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही 200 मीटर दूर से अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग से केएफसी स्टोर के भीतर रखे सामान को नुकसान पहुंचा है, जबकि दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से मॉल के शेष भवन को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

अचानक भड़की आग, अंदर-बाहर फैला धुआं
जानकारी के अनुसार केएफसी स्टोर में अचानक आग भड़की और देखते ही देखते अंदर और बाहर धुआं फैल गया। घटना का पता चलते ही स्टोर के कर्मचारी भी आग बुझाने में जुट गए। दमकल टीम ने मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पर प्रभावी तरीके से काबू पाने के लिए फायर हाइड्रेंट की भी मदद ली गई।
दमकल टीम ने भवन बाकी सुरक्षित बचाया
दमकल कर्मियों ने स्टोर के भीतर लगी आग को बुझाने के साथ यह भी सुनिश्चित किया कि लपटें आसपास के हिस्सों और मॉल के अन्य प्रतिष्ठानों तक न पहुंचें। काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। हालांकि, आग बुझने के बाद भी स्टोर के भीतर धुएं का गुबार बना रहा।
मॉल व थियेटर में थे सैकड़ों लोग
आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है। घटना के वक्त मॉल परिसर में सैकड़ों लोग थे, इसी परिसर में थियेटर भी है, जहां सैकड़ों लोग फिल्म देख रहे थे। दमकल टीम यदि तुरंत मोर्चा न संभालती तो बड़ा नुकसान भी हो सकता था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।