धर्मशाला में हाई कोर्ट की स्थायी पीठ स्थापित होगी, CM सुक्खू का बड़ा एलान; दूसरी महिला पुलिस बटालियन खुलेगी
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने धर्मशाला में उच्च न्यायालय की स्थायी पीठ स्थापित करने की घोषणा की, जिससे निचले हिमाचल के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए शिमला नहीं जाना पड़ेगा।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में बात रखते हुए सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू।
HighLights
धर्मशाला में उच्च न्यायालय की स्थायी पीठ स्थापित होगी।
हिमाचल में दूसरी महिला पुलिस बटालियन का गठन होगा।
महिला बिगलर टीम को 50-50 हजार रुपये मिलेंगे।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू धर्मशाला में उच्च न्यायालय की स्थायी पीठ स्थापित होगी। निचले हिमाचल के लोगों को लाभ मिलेगा। सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में दूसरी महिला बटालियन स्थापित होगी। बैंड प्रतियोगिता में महिला बिगलर टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है, सभी को 50000-50000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
नहीं लगाने पड़ेंगे शिमला के चक्कर
हिमाचल प्रदेश के निचले जिलों के लोगों को अब न्यायिक कार्यों के लिए शिमला के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सरकार हाई कोर्ट की स्थायी पीठ के लिए सभी संसाधन उपलब्ध करवाएगी। सदन की कार्यवाही के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा, चंबा, ऊना और हमीरपुर सहित निचले हिमाचल के लाखों लोगों की यह लंबे समय से चली आ रही मांग थी। धर्मशाला में हाई कोर्ट की स्थायी पीठ स्थापित होने से आम जनता के समय और धन दोनों की बचत होगी, साथ ही न्यायिक प्रक्रिया में भी तेजी आएगी।
महिलाओं को पुलिस में सेवाएं देने का मौका मिलेगा
कानून-व्यवस्था और महिला सशक्तीकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में दूसरी महिला पुलिस बटालियन स्थापित करने का भी एलान किया। इससे प्रदेश की बेटियों के लिए पुलिस विभाग में रोजगार के नए द्वार खुलेंगे और राज्य की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।
राष्ट्रीय विजेता महिला बिगलर टीम का सम्मान, 50-50 हजार का पुरस्कार
मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली महिला पुलिस जवानों की भी जमकर सराहना की। उन्होंने घोषणा की कि राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली हिमाचल की महिला बिगलर टीम की प्रत्येक सदस्य को 50-50 हजार रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी बेटियों ने अपनी प्रतिभा और अनुशासन से पूरे देश में देवभूमि का मान बढ़ाया है और सरकार हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन करती रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।