ब्रिटिश शासन में भी रहा धर्मशाला को राजधानी बनाने का प्रस्ताव, 2005 में बिना विधानसभा चला था सदन; रोचक है ऐतिहासिक सफर
धर्मशाला का हिमाचल प्रदेश की राजनीति में विशेष महत्व है, जहां ब्रिटिश शासन में भी राजधानी बनाने का प्रस्ताव था। 2005 में बिना विधानसभा भवन के शीतकालीन सत्र शुरू हुआ।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का धर्मशाला के तपोवन स्थित भवन। जागरण
HighLights
2005 में धर्मशाला में पहला शीतकालीन सत्र आयोजित।
तपोवन विधानसभा भवन सात माह में बनकर तैयार।
ब्रिटिश काल में धर्मशाला को राजधानी बनाने का प्रस्ताव।
नीरज व्यास, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में धर्मशाला का विशेष महत्व है। अब तपोवन में विधानसभा भवन में सदन की कार्यवाही सामान्य बात लगती है, लेकिन इसकी शुरुआत आसान नहीं थी। ब्रिटिश शासन में भी धर्मशाला को राजधानी बनाने की बात उठती रही थी। 2005 में जब पहली बार धर्मशाला में शीतकालीन सत्र आयोजित करने की बात आई थी तो यहां विधानसभा भवन तक नहीं था।
वीरभद्र सरकार ने धर्मशाला कॉलेज के प्रयास भवन में विधानसभा का सदन शुरू किया था। इसी पहल ने धर्मशाला को प्रदेश की राजनीति के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की नींव रखी थी।
इस बार 16 नवंबर से तपोवन में विधानसभा का शीतकालीन सत्र आरंभ होगा। 2005 में 26 से 29 दिसंबर तक आयोजित शीतकालीन सत्र की अध्यक्षता तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर ने की थी।
रिकॉर्ड समय में तैयार हुआ विधानसभा भवन
पहले सत्र के बाद तपोवन में विधानसभा भवन बनाने की दिशा में कदम बढ़ाए गए। सात माह के रिकॉर्ड समय में विधानसभा भवन तैयार कर दिया गया। 25 दिसंबर, 2006 को यह भवन प्रदेश के निचले क्षेत्रों की जनता को समर्पित किया गया। इसके बाद 2006 में ही तपोवन में पहली बार विधानसभा का शीतकालीन सत्र आयोजित हुआ था।
हर वर्ष शीतकालीन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री, मंत्रियों और सत्ता पक्ष-विपक्ष के विधायकों की मौजूदगी से धर्मशाला प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बन जाता है।
एक सदी बाद धर्मशाला को मिला राजनीतिक महत्व
धर्मशाला में विधानसभा सत्र शुरू होने के पीछे ऐतिहासिक संदर्भ भी महत्वपूर्ण है। वर्ष 1905 में कांगड़ा में आए विनाशकारी भूकंप ने धर्मशाला के विकास की दिशा बदल दी थी। ब्रिटिश शासन ने धर्मशाला को देश की ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने का प्रस्ताव तैयार किया था, लेकिन भूकंप के कारण यह योजना सिरे नहीं चढ़ पाई। करीब एक सदी बाद वर्ष 2005 में धर्मशाला में विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होना क्षेत्र के राजनीतिक महत्व को नई पहचान देने वाला साबित हुआ।
सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग भी उठती रही
तपोवन में सामान्य तौर पर शीतकालीन सत्र एक सप्ताह के आसपास आयोजित होता रहा है। इसकी अवधि बढ़ाने की मांग भी समय-समय पर उठती रही है। 16 नवंबर से प्रस्तावित सत्र में भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दे सदन में उठेंगे।
धर्मशाला शहर का ऐतिहासिक सफर
- 1846 में कांगड़ा ब्रिटिश शासन के नियंत्रण में आया।
- 1849 में धर्मशाला की स्थापना यूरोपीय छावनी के रूप में हुई।
- मार्च 1855 में धर्मशाला कांगड़ा जिले का मुख्यालय बना।
- 1905 में विनाशकारी भूकंप से धर्मशाला के विकास की दिशा बदली।
- 1966 में पंजाब पुनर्गठन के बाद पहाड़ी क्षेत्र हिमाचल में शामिल हुए।
- 1 सितंबर, 1972 को वर्तमान कांगड़ा जिला अस्तित्व में आया।
- 26 से 29 दिसंबर, 2005 तक धर्मशाला में पहला शीतकालीन सत्र आयोजित हुआ।
- 25 दिसंबर, 2006 को तपोवन विधानसभा भवन प्रदेश की जनता को समर्पित किया गया।
यह भी पढ़ें: 6 दिन धर्मशाला से चलेगी हिमाचल सरकार, विधानसभा सत्र के लिए पहुंचे 413 प्रश्न; अहम संशोधन विधेयक होंगे पेश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।