विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली के बाद हिमाचल की आबोहवा भी बिगड़ी, धर्मशाला के AQI में पिछले साल की तुलना में बढ़ोतरी दर्ज

By Neeraj Vyas Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 09 Nov 2026 03:20 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 09 Nov 2026 03:21 PM (GMT+05:30)

दीवाली के बाद हिमाचल प्रदेश की वायु गुणवत्ता प्रभावित हुई है, खासकर धर्मशाला का एक्यूआई पिछले वर्ष से अधिक है। ...और पढ़ें

दीवाली के बाद हिमाचल की आबोहवा भी बिगड़ी है। प्रतीकात्मक फोटो

दीवाली के बाद हिमाचल की आबोहवा भी बिगड़ी है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. दीवाली के बाद धर्मशाला का एक्यूआई 149 दर्ज हुआ।

  2. पिछले साल की तुलना में धर्मशाला का एक्यूआई 29 अंक बढ़ा।

  3. हिमाचल के पांच शहर मध्यम वायु गुणवत्ता श्रेणी में आए।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। दीवाली के बाद हिमाचल प्रदेश की आबोहवा भी प्रदूषित हुई है। हालांकि पहाड़ी राज्य में दिल्ली से स्थिति बेहतर है। हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला दाड़ी की ओर से किए गए प्रारंभिक विश्लेषण में धर्मशाला का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 149 दर्ज किया गया है। दीवाली से ठीक एक दिन पहले यह आंकड़ा 132 था। यानी महज एक दिन में एक्यूआइ में 17 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, डमटाल में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही, जहां दीवाली के दिन एक्यूआई 100 रिकॉर्ड किया गया।

पिछले वर्ष की तुलना में 29 अंक अधिक

पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो धर्मशाला में दिवाली के दौरान वायु प्रदूषण लगातार चिंता का विषय बनता है। वर्ष 2025 में दीवाली पर धर्मशाला का एक्यूआइ 120 और डमटाल का 97 दर्ज किया गया था। वहीं, वर्ष 2024 में दिवाली पर धर्मशाला का एक्यूआइ 120 और डमटाल का 98 रहा था। इस बार धर्मशाला का एक्यूआइ पिछले वर्ष के मुकाबले 29 अंक अधिक दर्ज किया गया है।

5 दिन में कैसी रही स्थिति

प्रदूषण के दैनिक आंकड़ों के अनुसार, चार नवंबर को धर्मशाला का एक्यूआई 105, पांच नवंबर को 110, छह नवंबर को 107 और सात नवंबर को 113 रहा था। दीवाली से एक दिन पहले यह बढ़कर 132 और दीवाली के दिन 149 तक पहुंच गया। आंकड़े स्पष्ट संकेत दे रहे हैं कि त्योहार के दौरान आतिशबाजी और अन्य गतिविधियों का स्थानीय वायु गुणवत्ता पर असर पड़ा है।

प्रदेश के पांच शहर मध्यम श्रेणी में

हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से प्रदेश के 12 स्थानों पर परिवेशी वायु गुणवत्ता की निगरानी की गई। इसमें बद्दी का एक्यूआइ सबसे अधिक 164 दर्ज किया गया। धर्मशाला में 149, ऊना में 148, पांवटा साहिब में 135 और परवाणू में भी वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य सात शहरों का एक्यूआइ 51 से 100 के बीच रहा, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।

गैसीय प्रदूषकों की मात्रा निर्धारित मानकों से कम

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, परिवेशी वायु में सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन डाइआक्साइड, अमोनिया और ओजोन जैसे गैसीय प्रदूषकों की सांद्रता निर्धारित मानकों से काफी कम पाई गई है। हालांकि, वायु गुणवत्ता के अन्य मानकों और प्रदूषण के वास्तविक स्तर की विस्तृत जानकारी रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। 

क्या है एक्यूआई की श्रेणी

एयर क्वालिटी इंडेक्स के अनुसार, शून्य से 50 तक एक्यूआइ अच्छी, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी में आता है। इस लिहाज से धर्मशाला का 155 और डमटाल का 100 एक्यूआइ दर्ज किया गया है।

मंगलवार को आएगी विस्तृत रिपोर्ट

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. रमाकांत ने बताया कि क्षेत्रीय प्रयोगशाला दाड़ी की ओर से जिला कांगड़ा के शहरों धर्मशाला और डमटाल में दीवाली और एक दिन पहले एकत्र किए गए परिवेशी वायु के नमूनों का विश्लेषण किया जा रहा है। इसकी विस्तृत रिपोर्ट मंगलवार को उपलब्ध होगी।

यह भी पढ़ें: दीवाली की रात तीन परिवारों का संयुक्त मकान जला, कुल्लू में 15 अग्निकांड में भारी नुकसान; जंगल भी सुलगा 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।