दीवाली की रात तीन परिवारों का संयुक्त मकान जला, कुल्लू में 15 अग्निकांड में भारी नुकसान; जंगल भी सुलगा
दीवाली की रात कुल्लू में आग लगने की 15 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें अरछंडी में तीन परिवारों का संयुक्त मकान और रांगड़ी में पशुशाला जल गई।

कुल्लू में दीवाली की रात घर और जंगल में लगी आग। जागरण
HighLights
दीवाली रात कुल्लू में आग की 15 घटनाएं हुईं।
अरछंडी में तीन परिवारों का संयुक्त मकान जल गया।
लाखों का नुकसान, पर करोड़ों की संपत्ति बचाई गई।
संवाद सहयोगी, कुल्लू। दीवाली की आग की घटनाओं ने भारी नुकसान पहुंचाया है। कुल्लू में जंगलों में आग भड़कने के साथ रिहायशी मकान, पशुशालाएं और घास के ढेर भी चपेट में आए। तीन परिवारों का संयुक्त मकान जल गया। कुल्लू, बंजार, जरी और पतलीकूहल अग्निशमन केंद्रों के अंतर्गत आग लगने की 15 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें नौ घटनाएं कुल्लू क्षेत्र में हुईं।
वहीं पतलीकूहल अग्निशमन केंद्र के तहत अरछंडी में मकान और रांगड़ी के भड़का गांव में पशुशाला व घास के ढेर में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
तीन परिवारों का संयुक्त मकान जला
अरछंडी गांव में विनेंद्र, विक्रांत और विनिता के संयुक्त मकान में आग लग गई। पतलीकूहल अग्निशमन केंद्र को रात 1:35 बजे सूचना मिली और टीम एक मिनट के भीतर घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। करीब 20 मिनट में दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। आग से करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति जल गई, जबकि दमकल कर्मियों ने आसपास की 20 कमरों वाली आवासीय इमारत और विनिता के मकान के भूतल पर बने रसोईघर व कमरे सहित करीब 75 लाख रुपये की संपत्ति को बचा लिया।
रांगड़ी में पशुशाला और घास के ढेर जले
इससे पहले रविवार रात 9:56 बजे रांगड़ी के भड़का गांव में पशुशाला और घास के ढेर में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल टीम रवाना हुई और करीब 20 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई। आग से लगभग एक लाख 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ, जबकि मन चंद के रिहायशी मकान और सेब के बागान को बचाकर करीब 55 लाख रुपये की संपत्ति सुरक्षित की गई।
क्या कहते हैं दमकल अधिकारी
दमकल विभाग के अधिकारी प्रेम भारद्वाज ने बताया कि लगातार आग की घटनाओं की सूचना मिलती रही। विभाग के कर्मचारी आग पर काबू पाते रहे। कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें: दीवाली पर बच्चे कर रहे थे पिता का इंतजार, हादसे ने छीन ली खुशियां; नूरपुर के भदरोआ में कार सवार रौंदकर फरार