CUHP Convocation: '27 में से 21 गोल्ड मेडल छात्राओं के नाम'; CJI सूर्यकांत भी प्रभावित, बोले- यह बदलते समाज की तस्वीर
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 27 में से 21 स्वर्ण पदक छात्राओं को मिलने पर खुशी जताई।

केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह के दौरान सीजेआई सूर्यकांत व अन्य। जागरण
HighLights
CJI सूर्यकांत ने हिमाचल केंद्रीय विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह में भाग लिया।
27 में से 21 स्वर्ण पदक छात्राओं ने जीते, CJI प्रभावित।
न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने इसे बदलते समाज की सकारात्मक तस्वीर बताया।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश आना अपने आप में सुखद अनुभव है। मैं सोच रहा था कि जब यहां पहुंचूंगा तो पहाड़ बर्फ की सफेद चादर से ढके होंगे, लेकिन दुर्भाग्यवश इस बार बर्फबारी देखने का अवसर नहीं मिला। फिर भी हिमाचल आना अपने आप में एक विशेष आकर्षण है।
खासकर हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के दसवें दीक्षांत समारोह में शामिल होना मेरे लिए प्रसन्नता का विषय है। आज यहां भविष्य की नई शुरुआत करने जा रहे युवा विद्यार्थियों को एक साथ देखकर विशेष खुशी हो रही है। डिग्री प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को मेरी हार्दिक बधाई। आपने वर्षों की मेहनत, लगन, धैर्य और समर्पण से यह उपलब्धि हासिल की है।
27 में से 21 गोल्ड मेडल छात्राओं के
मुझे बताया गया है कि विश्वविद्यालय आज कुल 708 डिग्रियां प्रदान कर रहा है। इनमें 27 स्वर्ण पदक शामिल हैं। विशेष बात यह है कि 27 में से 21 स्वर्ण पदक छात्राओं को और छह छात्राओं को छोड़कर पुरुष विद्यार्थियों को प्रदान किए जा रहे हैं।
यह बदलते समाज की तस्वीर
सभी पदक विजेताओं को मेरी हार्दिक बधाई। आप देश की ताकत और संपत्ति हैं। वैश्विक मंच पर भारत की पहचान स्थापित करने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। छात्राओं को 27 में से 21 स्वर्ण पदक मिलना केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह बदलते समाज की तस्वीर भी प्रस्तुत करता है।
यह उस नए भारत का प्रतिबिंब है, जहां प्रतिभा को अवसर मिल रहे हैं और बेटियों को आगे बढ़ने तथा अपनी क्षमता साबित करने के लिए समान अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
इस सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल और उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है।
मुख्यमंत्री ने सही कहा, मेरा हिमाचल से जुड़ाव
मुख्यमंत्री ने सही कहा कि मेरा हिमाचल प्रदेश से लगातार जुड़ाव रहा है। अक्टूबर 2018 में मैं यहां मुख्य न्यायाधीश बनकर आया था। उस दौरान करीब सात महीने हिमाचल में रहने का अवसर मिला। इसके बाद भी पिछले सात वर्षों से मेरा हिमाचल से निरंतर जुड़ाव बना हुआ है। हिमाचल मुझे अपने घर जैसा लगता है। मैं यहां के लोगों से भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ हूं।
जब मैं विचार कर रहा था कि आज आपसे क्या साझा करूं, तो मुझे लगा कि जीवन के सबसे महत्वपूर्ण संदेश इसी हिमालयी परिवेश में छिपे हैं। इसलिए मैं आपके आने वाले जीवन की यात्रा के लिए इन पहाड़ों से मिलने वाली कुछ सीख साझा करना चाहता हूं।
पहाड़ और सड़कों का जिक्र
जब भी आप हिमाचल आते हैं तो सबसे पहले यहां के विशाल और खूबसूरत पहाड़ आपका ध्यान आकर्षित करते हैं। हिमाचल की घुमावदार पहाड़ी सड़कों पर सफर करने वाले सभी लोग जानते हैं कि यहां किसी मंजिल तक पहुंचने का रास्ता कभी सीधा नहीं होता। नक्शे पर जो स्थान बेहद नजदीक दिखाई देता है, वहां पहुंचने के लिए कई घंटे लग सकते हैं। रास्ते में घुमावदार सड़कें, कठिन चढ़ाइयां और कई अप्रत्याशित मोड़ आते हैं। कई बार घंटों सफर करने के बाद खिड़की से बाहर देखने पर मंजिल सामने दिखाई देती है, लेकिन वहां तक पहुंचना अभी बाकी होता है।
मेरे युवा मित्रों, जीवन की यात्रा भी कुछ ऐसी ही होती है। विश्वविद्यालय से बाहर निकलने के बाद आपका व्यावसायिक और व्यक्तिगत जीवन हमेशा सीधी राह पर नहीं चलेगा। आपके प्रयासों का परिणाम भी जरूरी नहीं कि तुरंत दिखाई देने लगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।