एशियाई खेलों में मेडल जीतकर आई सीमा को चंबा के लोगों ने बिठाया पलकों पर, घर पर परिवार करेगा शिव नुआला
अंतरराष्ट्रीय धाविका सीमा कुमारी का 2026 एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने के बाद चंबा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। उनके परिवार द्वारा शिव नुआला का आयोजन किया जाएगा।

चंबा पहुंची सीमा का स्वागत करते लोग। जागरण
HighLights
सीमा कुमारी ने एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता।
चंबा पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत और सम्मान हुआ।
परिवार उनकी सफलता पर शिव नुआला का आयोजन करेगा।
संवाद सहयोगी, चंबा। जापान के आइची-नागोया में आयोजित 2026 एशियाई खेलों में 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन करने वाली चंबा की अंतरराष्ट्रीय धाविका सीमा कुमारी का रविवार को गृह जिला पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। दोपहर के समय सीमा के उदयपुर पहुंचने पर राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल परिसर में विशेष सम्मान समारोह हुआ।
परिवार करेगा शिव नुआला
सीमा की सफलता पर परिवार की ओर से कुछ दिन बाद घर पर शिव नुआला का आयोजन किया जाएगा। नुआला में रातभर शिव की अराधना की जाती है। सारी भगवान शिव के भजन गाए जाते हैं।
साझा किए अनुभव
इस दौरान सीमा ने एशियाई खेलों को लेकर अपने अनुभव भी सबके साथ साझा किए। सीमा ने कहा कि जब अन्य राज्यों की बेटियां पदक जीतकर वापस अपने घर लौटती थीं तो उनका जिस तरह से स्वागत होता था, उसी तरह से आज उनका भी स्वागत हुआ है, जिससे उन्हें बहुत खुशी हुई है।
दुर्गम क्षेत्र व विपरीत परिस्थितियों से निकला हुनर
लोगों का कहना है कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद विश्वस्तरीय एथलीटों के बीच तिरंगा लहराकर सीमा ने पहाड़ की बेटियों के लिए सफलता का नया मार्ग प्रशस्त किया है।
गांव तक भव्य स्वागत
उदयपुर में नागरिक अभिनंदन स्वीकार करने के बाद सीमा रविवार शाम अपने पैतृक गांव रेटा के लिए रवाना हुईं। रेटा पहुंचते ही गांव की सीमा से लेकर घर के आंगन तक ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच ग्रामीणों ने अपनी लाडली का स्वागत किया।
रंग-रोगन कर सजाए गए घर की चौखट पर मां केसरी देवी और भाई राज कुमार ने बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
बेटी ने देश का मान बढ़ाया
राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल के चेयरमैन संजीव सूरी ने कहा कि सीमा कुमारी ने एशियन गेम्स में 10,000 मीटर में कांस्य और 5,000 मीटर में छठा स्थान हासिल कर साबित कर दिया है कि चंबा की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय फलक पर लोहा मनवाने का मादा रखती हैं। यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि हमारी होनहार बेटी ने देश का मान बढ़ाया है। सीमा की यह उपलब्धि जिले के उभरते युवा खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा बनेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।