चंबा के जंगलों में दिखा दुर्लभ जहरीला सांप, कैमरे में कैद हुआ हिमालयन पिट वाइपर; वन्यजीव प्रेमियों में बढ़ी उत्सुकता
पांगी के छतवानी रिजर्व फॉरेस्ट में एक दुर्लभ हिमालयन पिट वाइपर देखा गया है, जिससे स्थानीय लोगों और वन्यजीव प्रेमियों में उत्सुकता बढ़ गई है।
-1791217184594_m.webp)
चंबा के जंगलों में दिखा दुर्लभ जहरीला सांप। फोटो जागरण
HighLights
पांगी के छतवानी रिजर्व फॉरेस्ट में दुर्लभ हिमालयन पिट वाइपर दिखा।
यह जहरीला सांप वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित प्रजाति है।
इसकी मौजूदगी पांगी क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता दर्शाती है।
जागरण संवाददाता, चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी की ऊंची पहाड़ियों और घने जंगलों में दुर्लभ हिमालयी जीव-जंतुओं की मौजूदगी समय-समय पर सामने आती रहती है। इसी कड़ी में पांगी के छतवानी रिजर्व फॉरेस्ट क्षेत्र में हिमालयन पिट वाइपर दिखाई देने से स्थानीय लोगों और वन्यजीव प्रेमियों में उत्सुकता बढ़ गई।
यह सांप हिमालयी क्षेत्र में पाया जाने वाला जहरीला सांप है और इसकी मौजूदगी जैव विविधता की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जाती है। हिमालयन पिट वाइपर का वैज्ञानिक नाम ग्लोइडियस हिमालयनस है। भारत में इस प्रजाति को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-दो के तहत कानूनी संरक्षण प्राप्त है। अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आइयूसीएन) की सूची में इसकी स्थिति कम चिंताजनक श्रेणी में दर्ज है।
ट्रैप कैमरे में कैद हुआ दुर्लभ सांप
पांगी के छतवानी रिजर्व फॉरेस्ट में लगाया गया ट्रैप कैमरा वन्यजीवों की निगरानी के दौरान दुर्लभ हिमालयन पिट वाइपर की तस्वीर कैद करने में सफल रहा। तस्वीर सामने आने के बाद वन्यजीव प्रेमियों में उत्सुकता बढ़ी।
हिमालयी क्षेत्र में मिलता है आवास
हिमालयन पिट वाइपर मुख्य रूप से हिमालयी क्षेत्र में पाया जाता है। पांगी घाटी जैसे दुर्गम और वन संपदा से समृद्ध क्षेत्रों में इसकी मौजूदगी वन्यजीव विविधता के लिहाज से अहम है। छतवानी रिजर्व फॉरेस्ट में इसके दिखाई देने की सूचना ने क्षेत्र में मौजूद जैव विविधता को लेकर भी ध्यान आकर्षित किया है।
दुर्लभ प्रजाति, दूरी बनाए रखना जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार पिट वाइपर प्रजाति के सांपों से दूरी बनाए रखना जरूरी है। जंगल या प्राकृतिक क्षेत्र में सांप दिखाई देने पर उसे छेड़ने, पकड़ने या मारने के बजाय वन विभाग अथवा प्रशिक्षित वन्यजीव बचाव दल को सूचना देनी चाहिए। जहरीले सांप के काटने की स्थिति में तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचना चाहिए।
छतवानी रिजर्व फॉरेस्ट में हिमालयन पिट वाइपर का दिखाई देना क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता को दर्शाता है। लोगों से अपील है कि सांप दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखें और उसे नुकसान न पहुंचाएं। सूचना वन विभाग को दें, ताकि सुरक्षित कार्रवाई की जा सके।
- रवि गुलेरिया, वन मंडल अधिकारी, पांगी
