हिमाचल में गजब मामला: पति की मौत के बाद 2 साल वन विभाग में सेवाएं देती रही महिला, न पैसे मिले और न ही नौकरी
पति की मृत्यु के बाद वन विभाग में दो साल काम करने वाली विधवा सोनिया को न अनुकंपा नौकरी मिली और न ही वेतन। आर्थिक तंगी से जूझ रही सोनिया ने न्याय के लिए गुहार लगाई है।

पांगी की महिला को दो साल काम के बाद भी न वेतन मिला और न ही नौकरी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
पति की मौत के बाद विधवा ने वन विभाग में काम किया।
दो साल तक वेतन और अनुकंपा नौकरी से वंचित रही।
न्याय के लिए हिमाचल, पंजाब के मुख्यमंत्रियों से गुहार लगाई।
कृष्ण चंद राणा, पांगी (चंबा)। पति की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए दो साल तक वन विभाग के विश्राम गृह में काम करने वाली विधवा महिला को अब तक न अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली है और न ही मेहनताने का भुगतान हुआ है। आर्थिक तंगी से जूझ रही महिला ने न्याय के लिए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से गुहार लगाई है।
मामला हिमाचल प्रदेश वन विभाग के पांगी वन मंडल के अधीन पठानकोट स्थित विश्राम गृह का है। पठानकोट के गांव ढक्की निवासी सोनिया के पति स्वर्गीय नरेश कुमार वहां दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारी थे। वर्ष 2023 में पति की मृत्यु के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया। इसके बाद वन मंडल पांगी ने सोनिया को उसी विश्राम गृह में दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारी के रूप में काम पर रखा।
अनुकंपा नौकरी की उम्मीद में किया 2 साल काम
सोनिया के अनुसार, उन्होंने करीब दो साल तक जिम्मेदारी से काम किया। अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिलने की उम्मीद में जरूरी दस्तावेज तैयार करवाकर विभाग को भेजे, लेकिन न नौकरी मिली और न ही दो साल की मजदूरी का भुगतान हुआ।
पैसे न मिलने पर छोड़ना पड़ा काम
उन्होंने विभाग के सचिव, संबंधित निदेशक, अरण्यपाल और वन मंडल अधिकारी पांगी के समक्ष कई बार समस्या रखी, पर समाधान नहीं निकला। आर्थिक मजबूरी के कारण उन्हें विश्राम गृह का काम छोड़ना पड़ा।
लोगों के घर में काम कर पाल रहीं बच्चे
अब वह लोगों के घरों में काम कर परिवार का गुजारा कर रही हैं। परिवार में दो छोटे बच्चे और बुजुर्ग सास-ससुर हैं। बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और बुजुर्गों की दवाओं का इंतजाम करना उनके लिए चुनौती बना हुआ है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, सोनिया की दो साल की मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ है। संबंधित अवधि के बिल और मस्टररोल तैयार किए जाने की बात भी सामने नहीं आई है।
मामले की विस्तृत जानकारी वन मंडल अधिकारी पांगी से मिल सकती है। मामला मेरे ध्यान में लाया गया है। वन मंडल अधिकारी को निर्देश देकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
-राकेश कुमार, अरण्यपाल, वन विभाग, चंबा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में सड़कों पर जमने लगी बर्फ, रोहतांग जाने वाले पर्यटकों के लिए प्रशासन ने टाइमिंग की तय; एडवायजरी जारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।