चंबा में शादी में जा रही महिला को अधमरा कर फेंका, सोने के गहने लूटे; मुंह में रूमाल ठूंसकर पत्थर से किए वार
चंबा में शादी में जा रही एक महिला पर दिनदहाड़े हमला कर सोने के गहने लूट लिए गए। हमलावर ने महिला को पत्थर से मारकर अधमरा कर दिया और फरार हो गया।

चंबा अस्पताल में उपचाराधीन पीड़त महिला व स्वजन। जागरण
HighLights
महिला पर दिनदहाड़े हमला कर सोने के गहने लूटे गए।
हमलावर ने पत्थर से सिर पर वार कर अधमरा किया।
पुलिस ने मामला दर्ज किया, आरोपी अभी भी फरार।
जागरण संवाददाता, चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शादी में जा रही महिला पर दिनदहाड़े हमला कर सोने के गहने लूट लिए। महिला मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने जा रही थी। एक युवक ने उस पर हमला कर सोने के गहने लूट लिए। पुंदला के जंगल में हुई वारदात के बाद कोलका पंचायत के धरमरी गांव की रहने वाली कौशल्या पत्नी काकू राम चंबा अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस ने आरोपित कोपाहड़ा पंचायत के ओहली गांव के अभिषेक के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।
काफी देर से पीछा कर रहा था युवक
पुलिस को दिए बयान में कौशल्या ने बताया कि मुर्गियों की सप्लाई का काम करने वाला आरोपित अभिषेक काफी देर से पीछा कर रहा था। पुंदला के जंगल के सुनसान रास्ते पर पहुंचते ही उसने पत्थर से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।
मुंह में रूमाल ठूंसकर, सिर पर पत्थर से किए वार
आरोपित ने जंगल के पास जेब से रूमाल निकालकर महिला के मुंह में ठूंस दिया और सिर पर पत्थर से कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण महिला बेहोश हो गई।
अधमरी हाल में सड़क से नीचे फेंका
आरोपित उसे सड़क से नीचे अधमरी हालत में छोड़कर सोने के सभी आभूषण लेकर भाग गया। बताया जा रहा है करीब 7 लाख के आभूषण थे। कुछ दूरी पर स्थित मकान में रहने वाले अजय कुमार ने महिला की चीखें सुनीं और मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचाई।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और 304(2) (झपटमारी) के तहत कार्रवाई की गई है।
आरोपित फरार, लोगों में रोष
आरोपित की गिरफ्तारी न होने से क्षेत्र के लोगों में रोष है। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोपित को गिरफ्तार करने और महिला को न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।