चंबा के संघणी बाजार में भीषण आग लगने से कई दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान
चंबा के सलूणी उपमंडल के संघणी बाजार में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से कई दुकानें जलकर राख हो गईं, जिससे दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

घटनास्थल पर लगी आग
HighLights
संघणी बाजार में गुरुवार तड़के अचानक लगी भीषण आग।
कई दुकानें जलकर राख, दुकानदारों को लाखों का नुकसान।
प्रभावितों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की।
संवाद सहयोगी, चंबा। सलूणी उपमंडल के अंतर्गत संघणी बाजार में वीरवार तड़के अचानक आग लग गई। तड़के अचानक बाजार स्थित दुकानों में भड़की आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयंकर हादसे में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है, जिससे उनके समक्ष परिवार के पालन-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, वीरवार तड़के जब क्षेत्र के लोग गहरी नींद में थे, तभी संघणी बाजार की एक दुकान से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने या दुकानों के अंदर रखा कीमती सामान बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिल सका।
भनक लगते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए, साथ ही दमकल विभाग सलूणी को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में जुट गए। हालांकि, आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि तब तक कई दुकानें और उनमें रखा सारा सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
अग्निकांड के बाद बाजार में अफरातफरी और मातम का माहौल है। प्रभावित दुकानदारों का कहना है कि यह दुकानें ही उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र जरिया थीं। सब कुछ जल जाने से अब उनके सामने रोजी-रोटी के लाले पड़ गए हैं।
स्थानीय लोगों और प्रभावित दुकानदारों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मौके पर टीम भेजकर नुकसान का आकलन किया जाए और पीड़ितों को जल्द से जल्द उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
यह भी पढ़ें- चंबा के स्कूल में चल रहा था वार्षिक समारोह और कैंपस के पास पहुंच गई जंगल की आग, बच्चे नाच-गाना छोड़कर भागे
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।