विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंबा के स्कूल में चल रहा था वार्षिक समारोह और कैंपस के पास पहुंच गई जंगल की आग, बच्चे नाच-गाना छोड़कर भागे

Published: Wed, 25 Nov 2026 05:26 PM (IST)Updated: Wed, 25 Nov 2026 06:10 PM (IST)

चंबा के चुराह में एक स्कूल के वार्षिक समारोह के दौरान जंगल की आग परिसर तक पहुँच गई, जिससे छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों में अफरा-तफरी मच गई। 

चुराह में स्कूल के पास लगी आग को बुझाते विद्यार्थी व दमकल कर्मी। जागरण

चुराह में स्कूल के पास लगी आग को बुझाते विद्यार्थी व दमकल कर्मी। जागरण

HighLights

  1. चंबा के स्कूल में वार्षिक समारोह के दौरान आग पहुंची।

  2. छात्रों, स्टाफ और ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाई।

  3. जंगल की आग से रिहायशी इलाकों को भी खतरा।

संवाद सहयोगी, तीसा (चंबा)। हिमाचल प्रदेश में जिला चंबा के चुराह में जंगल की आग स्कूल के पास पहुंच गई। स्कूल में वार्षिक समारोह चल रहा था, इस बीच आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूखी घास, चीड़ की पत्तियों और झाड़ियों में उठीं लपटें तेजी से फैलीं और जंगल के साथ लगते रिहायशी इलाकों तथा सेंट पाल स्कूल परिसर तक पहुंच गई।

आग स्कूल परिसर तक पहुंचने से विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों में अफरा-तफरी मच गई। खतरे को देखते हुए स्कूल के अध्यापकों व समस्त स्टाफ के अलावा विद्यार्थियों ने खुद आग बुझाने के लिए मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत से स्कूल परिसर तक पहुंची आग पर काबू पाया। 

बच्चे मंच पर दे रहे थे प्रस्तुति

वार्षिक समारोह में बच्चे रंगारंग प्रस्तुतियों और अन्य गतिविधियों के लिए उत्साहित होकर स्कूल पहुंचे थे। समारोह में कई अभिभावक भी मौजूद थे, लेकिन आग की लपटें परिसर तक पहुंचने पर सभी ने कार्यक्रम छोड़कर आग बुझाने और स्कूल को बचाने का प्रयास किया। शिक्षकों, स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों ने कड़ी मशक्कत के बाद परिसर के पास आग पर काबू पाया।

रिहायशी क्षेत्र तक भी पहुंची लपटें

इसके अलावा कई रिहायशी क्षेत्रों तक भी आग की पलटें पहुंची, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई। खतरा देखते हुए ग्रामीण जंगल में पहुंचे और मकानों की ओर बढ़ रही लपटों को रोकने में जुट गए।

वन विभाग व फायर ब्रिगेड ने भी संभाला मोर्चा

वन विभाग और फायर ब्रिगेड की टीमें दिनभर आग बुझाने में लगी रहीं। सूखी पत्तियों के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। स्थानीय लोगों ने जंगल में आग लगाने वालों पर नजर रखने और पकड़े जाने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। 

उनका कहना है कि जंगलों में आग की घटनाएं होती रही हैं और कई बार रिहायशी मकानों को भी नुकसान पहुंचा है, लेकिन आग लगाने वालों पर कार्रवाई नहीं हो पाई है। ऐसी घटनाएं वन संपदा और मकानों के लिए खतरा पैदा करती हैं।

आग बुझाने के लिए विभागीय टीम दिनभर जुटी रही और फायर ब्रिगेड की मदद ली गई। चीड़ की सूखी पत्तियों में उठ रही लपटों पर काबू पाना कठिन था। लोगों से जंगल में आग न लगाने की अपील की। साथ ही बताया कि फील्ड स्टाफ को जंगलों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आग लगाने वालों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
-सुशील गुलेरिया,  वन मंडल अधिकारी, चुराह।

कड़ी मशक्कत से आग काबू

फायर ब्रिगेड, वन विभाग और स्थानीय लोग आग बुझाने में दिनभर जुटे रहे। सूखे के बीच हवा के साथ उठती लपटें बेहद तेज थीं। सभी के सहयोग और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
-मनोज कुमार, इंचार्ज, अग्निशमन विभाग तीसा।

यह भी पढ़ें: ऊना के अंब में गोवंश का कटा हुआ सिर मिला, धड़ का नहीं कोई सुराग; डीएसपी टीम सहित मौके पर पहुंचे 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।