विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नहीं रहीं चंबा रूमाल को पहचान दिलाने वाली सराज बेगम, सदियों पुरानी कशीदाकारी को समर्पित की जिंदगी

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 14 Nov 2026 11:09 AM (IST)Updated: Sat, 14 Nov 2026 11:27 AM (IST)

चंबा रूमाल को देश-विदेश में पहचान दिलाने वाली 88 वर्षीय सराज बेगम का निधन हो गया। उन्होंने अपना पूरा जीवन ...और पढ़ें

चंबा की सराज बेगम का फाइल फोटो

चंबा की सराज बेगम का फाइल फोटो

HighLights

  1. चंबा रूमाल को पहचान दिलाने वाली सराज बेगम का निधन।

  2. उन्होंने पारंपरिक कला को सहेजने में पूरा जीवन समर्पित किया।

  3. हजारों युवतियों और महिलाओं को कशीदाकारी का प्रशिक्षण दिया।

जागरण संवाददाता, चंबा। हिमाचल प्रदेश में चंबा की पारंपरिक कशीदाकारी को देश-विदेश में पहचान दिलाने वाली सराज बेगम का शुक्रवार को पठानकोट में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 88 वर्ष की थीं। चंबा रूमाल की कला को सहेजने और अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित किया।

चंबा के पक्काटाला निवासी सराज बेगम करीब एक महीने से बीमार थीं। उन्हें सांस संबंधी बीमारी सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याएं थीं।

तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उन्हें पठानकोट के निजी अस्पताल ले गए थे। उन्होंने विवाह नहीं किया था और छोटे भाई अफजल खान के परिवार के साथ रहती थीं। उनके निधन से परिवार, चंबा की पारंपरिक कला से जुड़े लोगों और उनके प्रशिक्षुओं में शोक है।

1983 में मिला विशेष पुरस्कार

सराज बेगम को वर्ष 1983 में राज्यपाल की ओर से विशेष सम्मान पुरस्कार मिला। उसी वर्ष उपायुक्त चंबा ने पारंपरिक कला एवं शिल्प के लिए प्रशंसा प्रमाणपत्र दिया। वर्ष 2002 में रोटरी क्लब चंबा का उत्कृष्टता सम्मान, 2006 में शिल्प विद्या सम्मान और 2011 में हिमाचल कला संस्कृति भाषा अकादमी का राज्यस्तरीय पुरस्कार मिला। वर्ष 2017 में गणतंत्र दिवस पर भी उन्हें विशेष सम्मान से नवाजा गया। चंबा शिल्प परिषद के अध्यक्ष पद्मश्री विजय शर्मा ने भी उनके निधन पर शोक जताया। 

दादी से सीखा हुनर, महेशी देवी से लिया प्रशिक्षण

बचपन से कढ़ाई में रुचि रखने वाली सराज बेगम ने चंबा की कशीदाकारी की शुरुआती बारीकियां दादी से सीखीं। बाद में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित महेशी देवी से विधिवत प्रशिक्षण लिया। उनके हुनर के कारण उन्हें उद्योग विभाग में तैनाती मिली, जहां उन्होंने युवतियों को चंबा कढ़ाई सिखाई। 88 वर्ष की उम्र में भी वह प्रतिदिन छह से 14 घंटे तक कशीदाकारी करती थीं। उन्होंने हजारों युवतियों और महिलाओं को प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार की राह दिखाई।

उनके फिरदौस हैंडीक्राफ्ट स्वयं सहायता समूह में औसतन 20 से 30 महिलाएं और युवतियां प्रशिक्षण लेती थीं। जरूरतमंद महिलाओं को वह निश्शुल्क प्रशिक्षण देने के साथ कपड़ा, धागा और अन्य जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराती थीं।

चंबा रूमाल की खासियत

चंबा रूमाल में दोतरफा कढ़ाई होती है, जिससे कपड़े के दोनों ओर चित्र लगभग एक समान दिखते हैं। रेशमी धागों से बनी कलाकृतियों में रास-मंडल, विवाह-अनुष्ठान, कृष्ण की अठखेलियां, विष्णु के दशावतार, नायक-नायिकाओं और शिकारगाह के दृश्य उकेरे जाते हैं। सराज बेगम ने पहाड़ी राजाओं और सम्राट शेरशाह सूरी के चित्र भी बनाए। उनकी कलाकृतियां अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला, कुल्लू दशहरा और मंडी शिवरात्रि सहित कई मेलों में प्रदर्शित हुईं। भूरी सिंह संग्रहालय चंबा, धर्मशाला संग्रहालय और राज्य संग्रहालय शिमला की प्रदर्शनियों में भी उनके काम को सराहना मिली।

यह भी पढ़ें: हिमाचल सरकार आधुनिक कृषि मशीनरी पर देगी 50 प्रतिशत सबसिडी, पोर्टल पर करना होगा आवेदन 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।