विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में भरभराकर दरका पहाड़, भयावह मंजर देख लोगों की निकल गई चीखें; चंबा का सिहुंता-लाहड़ू रोड बंद

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 19 Jul 2026 12:40 PM (IST)Updated: Sun, 19 Jul 2026 01:25 PM (IST)

चंबा में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे चंबा-भरमौर एनएच और लाहड़ू-सिहुंता मार्ग अवरुद्ध हो गए ...और पढ़ें

HighLights

  1. चंबा में भारी बारिश से भूस्खलन, सड़कें अवरुद्ध।

  2. चंबा-भरमौर और लाहड़ू-सिहुंता मार्ग यातायात के लिए बंद।

  3. सलूणी में बिजली गिरने से विशाल पेड़ क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला।

जागरण टीम, चंबा। हिमाचल प्रदेश में मानसून की भारी बारिश जारी है। इस बीच चंबा में भूस्खलन के दो खतरनाक वीडियो सामने आए हैं। चंबा-भरमौर एनएच पर बत्ती की हट्टी और दुर्गेठी में भारी भूस्खलन हुआ है। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें सड़क पर आ गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। वहीं, लाहड़ू-सिहुंता मार्ग पर पनियाले वाली माता मंदिर के साथ पूरा पहाड़ भरभराकर गिर गया। 

इस कारण इस मार्ग से यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। भारी मलबा सड़क पर आ गया है, जिसे हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ेगी। 

दोनों मार्ग पर यातायात ठप

इन दोनों मुख्य स्थानों पर मार्ग बंद होने की वजह से सुबह के समय से ही वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं। यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय प्रशासन व लोक निर्माण विभाग मलबे को हटाकर मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास में जुटा है।

सलूणी में बिजली गिरने से फटा विशाल पेड़

जिले के सलूणी उपमंडल में भी खराब मौसम का कहर देखने को मिला है। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच ग्राम पंचायत सलूणी के शल्यूंड मोड़ पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने की वजह से वहां मौजूद एक विशाल पेड़ पूरी तरह से फटकर क्षतिग्रस्त हो गया। 

राहत की बात यह रही कि जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय वहां से कोई राहगीर या वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

प्रशासन की अपील: सुरक्षित स्थानों पर रहें

उपायुक्त चंबा मुकेश रेप्सवाल ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और भारी बारिश के बीच बिना किसी बेहद जरूरी काम के अपने घरों से बाहर न निकलें। नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में भारी बारिश: चंबा-भरमौर NH पर दरका पहाड़, मणिमहेश यात्रा पर रोक; मंडी में एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त