विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में भारी बारिश: चंबा-भरमौर NH पर दरका पहाड़, मणिमहेश यात्रा पर रोक; मंडी में एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 19 Jul 2026 11:23 AM (GMT+05:30)Updated: Sun, 19 Jul 2026 11:30 AM (GMT+05:30)

हिमाचल में भारी बारिश के कारण मणिमहेश यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन से ...और पढ़ें

HighLights

  1. मणिमहेश यात्रा भारी बारिश के कारण प्रतिबंधित।

  2. चंबा-भरमौर NH भूस्खलन से बुरी तरह क्षतिग्रस्त।

  3. मंडी में बारिश के बीच एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त, दो घायल।

जागरण टीम, चंबा। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग की ओर से जारी भारी वर्षा की चेतावनी के कारण प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा के लिए जाने पर रोक लगा दी है। उपमंडलादिकारी भरमौर अजय कुमार ने हड़सर से मणिमहेश कैलाश यात्रा पर 19 जुलाई से पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा। वहीं, भारी वर्षा के कारण चंबा-भरमौर एनएच बत्ती हट्टी कमनाला और दुर्गेठी में बंद हो गया। यहां पहाड़ से भारी भूस्खलन हुआ है, जिससे सड़क बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं, मंडी में बारिश के बीच एक एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

ambulance Accident Mandi

नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रेफर मरीज को छोड़ने के बाद एंबुलेंस वापस कुल्लू जा रही थी, इस दौरान पंडोह के पास बारिश के बीच एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पैरापिट से टकरा गई। हादसे में ड्राइवर व ईएमटी को चोटें आई हैं।

भूस्खलन का खतरा

प्रशासन की ओर से जारी आदेश अनुसार सभी पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि इस अवधि में हड़सर से श्री मणिमहेश कैलाश की यात्रा न करें। मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार अगले तीन दिन तक क्षेत्र में भारी बारिश तथा मौसम अत्यधिक खराब रहने की संभावना है, जिससे यात्रा मार्ग पर भूस्खलन, चट्टानें गिरने और अन्य प्राकृतिक दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

Bharmour Landslide

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में किसी भी मार्ग से मणिमहेश यात्रा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यदि कोई व्यक्ति प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी कर यात्रा करता है, तो उसकी जिम्मेदारी स्वयं की होगी।

यात्रा की तो होगी कानूनी कार्रवाई

आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि कोई गाइड, स्थानीय व्यक्ति अथवा अन्य कोई व्यक्ति किसी पर्यटक या श्रद्धालु को प्रतिबंधित अवधि के दौरान यात्रा पर ले जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: फोरलेन में अड़ंगा: शाहपुर में 3.46 करोड़ मुआवजा देने के बाद भी खाली नहीं किया भवन, हिमाचल हाई कोर्ट ने लिया संज्ञान