विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कूड़ा नहीं दिया तो घर पहुंचेगा ऑनलाइन चालान, हिमाचल के इस शहर में नगरपालिका ने बनाया कड़े नियम

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:37 AM (GMT+05:30)

चंबा नगर परिषद ने कूड़ा न देने वालों पर सख्ती शुरू कर दी है, जिसके तहत ऑनलाइन चालान काटे जा रहे हैं। पहली बार 500 रुपये, दूसरी बार 1000 रुपये और तीसरी बार बिजली-पानी कनेक्शन काटने तक की कार्रवाई होगी।

चंबा में कूड़ा न देने पर ऑनलाइन चालान कटेगा। प्रतीकात्मक फोटो

चंबा में कूड़ा न देने पर ऑनलाइन चालान कटेगा। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. कूड़ा न देने पर ऑनलाइन चालान की शुरुआत।

  2. जुर्माना न भरने पर बिजली-पानी कनेक्शन काटने की कार्रवाई।

  3. किराएदार की गलती का खामियाजा मकान मालिक को।

सुरेश ठाकुर, चंबा। घर में कूड़ा जमा है, लेकिन नगर परिषद के कर्मचारियों को देने के बजाय उसे इधर-उधर फेंक रहे हैं तो अब सावधान हो जाइए। शहर को दूषित करने की यह लापरवाही आपकी जेब पर भारी पड़ने वाली है। नगर परिषद के कर्मचारी घरों से कूड़ा एकत्र करने पहुंचेंगे और कूड़ा देने में आनाकानी की तो समझाने के लिए बार-बार नोटिस नहीं मिलेगा, बल्कि सीधे आनलाइन चालान भुगतना पड़ेगा।

पहली बार कूड़ा न देने पर 500 रुपये, दूसरी बार गलती दोहराने पर 1000 रुपये और तीसरी बार नियमों की अनदेखी की तो बिजली और पानी का कनेक्शन काटने तक की कार्रवाई हो सकती है। 

सख्ती शुरू, 10 लोगों को चालान भेजे

नगर परिषद चंबा ने इसे लेकर सख्ती शुरू कर दी है। शनिवार को कूड़ा न देने वाले 10 भवन मालिकों को 500-500 रुपये के आनलाइन चालान भेजे गए हैं। इस व्यवस्था के चलते किराएदार की लापरवाही का खामियाजा मकान मालिक को भुगतना पड़ सकता है। यदि किरायेदार का कूड़ा न देने पर चालान होता है और वह जुर्माने की राशि जमा नहीं करवाता है तो उसकी राशि मकान मालिक के गृहकर के साथ जोड़ दी जाएगी।

सुपरवाइजर तैनात

नगर परिषद ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी वार्डों में निगरानी व्यवस्था के लिए सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। निरीक्षण की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सौंपी गई है। यह टीमें घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जाकर निगरानी करेंगी कि लोग नगर परिषद के कर्मचारियों को नियमित रूप से कूड़ा दे रहे हैं या नहीं। 

4023 मकान और 1227 से अधिक दुकानें 

नगर परिषद के अधीन जनसाली, चौंतड़ा, सपड़ी, सुल्तानपुर, हरदासपुरा, चौगान, हटनाला, धड़ोग, कसाकड़ा, सुराड़ा और जुलाहकड़ी सहित 11 वार्ड आते हैं। शहर में करीब 4023 मकान, 1227 से अधिक दुकानें और 1475 किराएदार हैं। परिषद ने घरों, दुकानों और व्यावसायिक परिसरों के लिए अलग-अलग कूड़ा शुल्क निर्धारित किए हैं। छोटी दुकानों से लेकर बड़े प्रतिष्ठानों तक के लिए 100 से 2000 रुपये तक की दरें तय की हैं।

कूड़ा टन में, सयंत्र स्थापित नहीं

चंबा शहर से प्रतिदिन करीब 50 से 60 टन कूड़ा निकलता है। सूखे कूड़े को चंबा-साहो मार्ग पर मरेड़ी स्थित संग्रह केंद्र में पहुंचाया जाता है, जबकि गीले कूड़े को गड्ढों में दबाया जाता है। नगर परिषद का कूड़ा संयंत्र दिसंबर 2025 में आग की चपेट में आने से पूरी तरह जल गया था। इसमें करोड़ों रुपये की मशीनें भी नष्ट हो गई थीं। अभी तक नया कूड़ा संयंत्र स्थापित नहीं हो पाया है। ऐसे में सीमित संसाधनों के बीच शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखना नगर परिषद के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का पालन न करने वालों के आनलाइन चालान शुरू कर दिए गए हैं। पहले चरण में 10 भवन मालिकों को 500-500 रुपये के चालान भेजे हैं। सभी 11 वार्डों में निगरानी के लिए सुपरवाइजर तैनात किए हैं। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
-राखी कौशल, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद चंबा।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में अब बिना मंजूरी सड़क-पुल का नहीं कर सकेंगे अतिरिक्त काम, विभाग ने सख्त किए नियम; जवाबदेही तय 


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।