विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिलासपुर में पुलिस जवान और विद्युत कर्मचारी चिट्टे समेत गिरफ्तार, पिछले साल भी पकड़ा गया था विजिलेंस में तैनात कर्मी

By Rajesh SharmaEdited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 12 Jan 2026 02:22 PM (IST)

बिलासपुर में पुलिस के विजिलेंस विंग का एक ड्राइवर विशाल और विद्युत बोर्ड का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुरेंद्र चिट्टे के ...और पढ़ें

बिलासपुर में दो सरकारी कर्मचारी चिट्टे के साथ पकड़े गए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

बिलासपुर में दो सरकारी कर्मचारी चिट्टे के साथ पकड़े गए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. बिलासपुर में दो सरकारी कर्मचारी चिट्टे के साथ पकड़े गए।

  2. पुलिस ने 2.85 ग्राम चिट्टा और 17,500 रुपये जब्त किए।

  3. एक आरोपी पहले भी चिट्टा तस्करी में संलिप्त पाया गया था।

संवाद सहयोगी, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में दो सरकारी कर्मचारी चिट्टे के साथ पकड़े गए हैं। बिलासपुर सदर थाना की टीम ने सुंगल में नाके के दौरान दोनों को चिट्टे सहित पकड़ा है। इनमें से विशाल पुलिस विभाग के विजिलेंस विंग व सुरेंद्र विद्युत बोर्ड में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 2.85 ग्राम चिट्टा व 17,500 रुपये बरामद किए हैं।

थाना प्रभारी राजेश पराशर के नेतृत्व में टीम ने रविवार को सुंगल क्षेत्र में नाकाबंदी की थी। सायं करीब सात बजे वाहन को टीम ने जांच के लिए रोका, जिसमें दो लोग सवार थे। पुलिस ने गाड़ी के डैशबोर्ड से चिट्टा व नकदी बरामद की। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।

गाड़ी विद्युत कर्मी सुरेंद्र के नाम पंजीकृत है। विशाल पुलिस कर्मचारी है, जो डेपुटेशन पर विजिलेंस विंग में बतौर चालक तैनात है। वहीं सुरेंद्र विद्युत बोर्ड में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत है।

नलवाड़ी मेले के दौरान भी पकड़ा था

बताया जा रहा है कि पुलिस कर्मचारी पिछले वर्ष नलवाड़ी मेले के दौरान भी चिट्टा तस्करी में संलिप्त पाया गया था। चिट्टे के आरोप में पकड़े जाने के बाद शिमला स्थानांतरित किया गया था, लेकिन वर्तमान में अस्थायी रूप से यहां विजिलेंस में ड्यूटी दे रहा था।

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी

एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है और एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

यह भी पढ़ें: शिमला में बेकाबू ट्रक ने रौंद दिए सड़क किनारे खड़े नौ वाहन, लोगों में मच गई अफरा-तफरी

यह भी पढ़ें: मंडी शहर में महिला ATM केबिन में भूल गई 12.50 लाख रुपये के गहनों से भरा बैग, घर पहुंचकर उड़े होश