हिमाचल में तैयार सीमेंट यहां पंजाब और हरियाणा से भी महंगा, पांच रुपये प्रति बैग और बढ़ गए दाम
हिमाचल प्रदेश में उत्पादित सीमेंट राज्य के भीतर ही पंजाब और हरियाणा से अधिक दाम पर बिक रहा है, जिससे लोगों के लिए घर बनाना महंगा हो गया है।

हिमाचल प्रदेश में पंजाब व हरियाणा से महंगा सीमेंट मिल रहा है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हिमाचल में सीमेंट पंजाब-हरियाणा से 15-20 रुपये महंगा।
हाल ही में सीमेंट के दाम में 5 रुपये की बढ़ोतरी।
सरकार का सीमेंट की कीमतों पर कोई नियंत्रण नहीं।
मुनीष गारिया, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में भूमि और संसाधन लेकर यहां सीमेंट तैयार करने वाली कंपनियां प्रदेश के लोगों को ही अधिक दाम पर सीमेंट बेच रही हैं। इसके विपरीत साथ लगते राज्य पंजाब व हरियाणा में सीमेंट 15 से 20 रुपये सस्ता मिल रहा है। चिंतनीय बात यह है कि प्रदेश में सीमेंट के दाम लगातार बढ़ रहे हैं लेकिन सरकार का इसकी कीमत पर कोई नियंत्रण नहीं है।
जीएसटी दरों में कटौती से मिली थी राहत
पिछले साल जीएसटी की दरों में कमी से भले ही सीमेंट के दामों में गिरावट आई थी और एक बैग का दाम 380 रुपये तक पहुंच गया था, लेकिन उद्योगों ने थोड़ा-थोड़ा कर मूल्य फिर से वहीं पहुंचा दिए हैं। ऐसे में लोगों को आशियाना बनाना फिर महंगा पड़ने वाला है।
पांच रुपये की बढ़ोतरी
मंगलवार रात से सीमेंट के दाम में पांच रुपये बढ़ोतरी कर दी है। अब सीमेंट का बैग 415 रुपये हो गया है। एसीसी गोल्ड 430 रुपये है।
हिमाचल में तीन सीमेंट उद्योग
हिमाचल में तीन सीमेंट कंपनियां उत्पादन कर रही हैं। इनमें एसीसी का कारखाना बरमाणा (बिलासपुर), अंबुजा सीमेंट का दाड़लाघाट (सोलन) व अल्ट्राटेक का कारखाना भगेड़ी (सोलन) में है। तीनों ही कंपनियों में बनने वाला सीमेंट हिमाचल के साथ-साथ पंजाब, जम्मू-कश्मीर व हरियाणा में भी भेजा जाता है।
गरीब का आशियाना बनाने का सपना मुश्किल
हिमाचल में तीनों सीमेंट की एक बोरी करीब 415 रुपये हो गई है। पंजाब में प्रति बोरी 15 से 20 रुपये कम में मिल रही है। सीमेंट के लगातार बढ़ रहे दाम से गरीब तबका व ठेकेदार परेशान हैं। गरीब तबके के लोगों को घर बनाने का सपना दूर होता लग रहा है।
सीमेंट के दामों पर नहीं सरकार का नियंत्रण
भारत में सीमेंट के दाम तय करने के लिए सरकार का कोई स्थायी नियंत्रित मूल्य का नियम नहीं है। सीमेंट उद्योग एक मुक्त बाजार की तरह काम करता है, जिसका अर्थ है कि सीमेंट कंपनियां खुद अपनी लागत और बाजार की मांग के आधार पर कीमतें तय करती हैं।
सीमेंट के दाम
- कंपनी,हिमाचल,पंजाब,हरियाणा
- एसीसी, 415,395,390
- अंबुजा,415,395,390
- अल्ट्राटेक,415,395,390
हिमाचल में कब स्थापित हुए सीमेंट उद्योग
हिमाचल प्रदेश में मौजूदा समय के तीन सीमेंट उद्योग स्थापित हैं। जिसमें एसीसी का प्लांट बरमाणा जिला बिलासपुर में वर्ष 1984 में स्थापित हुआ था। अल्ट्राटेक सीमेंट का प्लांट बघेरी बागा सोलन में 2010 को खुला था। इसके अलावा सोलन जिले के दाड़लाघाट में अंबुजा सीमेंट का प्लांट अगस्त 1995 में स्थापित हुआ था। उद्योगों के साथ लगती जमीनों को लेकर वह यहीं से कच्चा माल लेते हैं।
क्या कहते हैं डीलर
सीमेंट उद्योग की ओर से जैसे रेट बढ़ाए जाते हैं उसके हिसाब से हमें मार्केट में सीमेंट बेचने पड़ता है। जीएसटी के दौरान हुई कटौती के बाद अब फिर दाम धीरे धीरे बढ़ रहे हैं।
-पवन बरूर, सीमेंट डीलर, बिलासपुर।
लोगों पर पड़ेगा असर
भले ही सरिया के दाम कम हुए हैं, लेकिन सीमेंट के दाम धीरे-धीरे बढ़ाए जा रहे हैं। इससे लोगों पर असर तो पड़ेगा। सप्लाई रेट के हिसाब से ही मार्केट रेट लगाया जाता है।
-मनोज कुमार, सीमेंट डीलर, घुमारवीं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल विधानसभा: भाजपा की हंगामे की रणनीति पर सरकार का दाव, आरोप सदन में साबित करने की चुनौती दी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।