विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

युवराज के पदचिह्नों पर हिमाचल का आर्यव्रत, एक ओवर में जड़ दिए 6 छक्के; इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में कारनामा

Published: Tue, 24 Nov 2026 05:24 PM (IST)

आर्यव्रत शर्मा ने लखनऊ में इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट चैंपियनशिप में एक ओवर में छह छक्के लगाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर निवासी आर्यव्रत। जागरण आर्काइव

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर निवासी आर्यव्रत। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. आर्यव्रत शर्मा ने एक ओवर में छह छक्के जड़े।

  2. इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया।

  3. हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए 138 रन बनाए।

संवाद सहयोगी, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश का युवा क्रिकेटर आर्यव्रत भारतीय स्टार बैटर रहे युवराज सिंह के पदचिह्नों पर चल पड़ा है। बिलासपुर के आर्यव्रत शर्मा ने इतिहास रच दिया है। लखनऊ में आयोजित इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला का प्रतिनिधित्व करते हुए आर्यव्रत ने गीता यूनिवर्सिटी के खिलाफ एक ही ओवर में लगातार छह छक्के जड़कर नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम किया।

इस उपलब्धि के साथ ही वह इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट के इतिहास में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उनकी इस ऐतिहासिक पारी से बिलासपुर जिला सहित पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।

कप्तानी पारी खेली

एचपीयू की कप्तानी कर रहे आर्यव्रत ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाते हुए गीता यूनिवर्सिटी के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने महज आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 138 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से आठ चौके और 13 छक्के निकले। उनकी पारी का सबसे रोमांचक क्षण वह रहा, जब उन्होंने एक ही ओवर की सभी छह गेंदों को छक्के के लिए सीमा रेखा के पार पहुंचा दिया।

20 ओवर में जड़ दिए 251 रन

आर्यव्रत की इस आतिशी बल्लेबाजी के दम पर एचपीयू ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 251 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। आर्यव्रत शर्मा की इस सफलता के पीछे करीब 17 वर्षों का कठिन परिश्रम, अनुशासन और क्रिकेट के प्रति समर्पण रहा है। 

वह भारतीय क्रिकेट के अधिकांश प्रारूपों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। बीते वर्ष उनका चयन भारतीय विश्वविद्यालय क्रिकेट टीम में भी हुआ था। इसके बाद उन्होंने आस्ट्रेलिया में आयोजित मुकाबलों में भी अपने खेल का शानदार प्रदर्शन कर प्रतिभा का परिचय दिया था। 

बिलासपुर कॉलेज के स्टूडेंट

आर्यव्रत की प्रारंभिक शिक्षा बिलासपुर के स्कूलों में हुई है और वर्तमान में वह पीजी कॉलेज बिलासपुर से शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उनके पिता राजन शर्मा जल शक्ति विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर (ड्राइंग विंग) के पद पर सेवाएं दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें: शिमला में आइस स्केटिंग रिंक तैयार करने का काम शुरू, लद्दाख से विशेषज्ञों की टीम करेगी बर्फ जमाने की प्रक्रिया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।