आखिर क्यों खड्ड में कूद गईं 10वीं की दो छात्राएं? घुमारवीं पुलिस ने दोनों के शव बरामद किए, पहेली अनसुलझी
घुमारवीं के सीर खड्ड पुल से पानी में कूदीं बरमाणा क्षेत्र की दो दसवीं की छात्राओं के शव बरामद कर ...और पढ़ें

घुमारवीं की सीर खड्ड में रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम।
HighLights
घुमारवीं के सीर खड्ड पुल से कूदीं दो छात्राएं।
दसवीं की छात्राओं के शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी।
बरमाणा क्षेत्र में शोक की लहर, कारण अभी अज्ञात।
संवाद सहयोगी, घुमारवीं (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश में घुमारवीं के सीर खड्ड पुल पर रविवार शाम हुए दर्दनाक हादसे में पानी में छलांग लगाने वाली बरमाणा क्षेत्र की दोनों छात्राओं के शव बरामद कर लिए गए हैं। रविवार देर शाम एक का शव तलाश अभियान के दौरान बरामद कर लिया गया था, जबकि दूसरी की तलाश के लिए सोमवार सुबह दोबारा अभियान चलाया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद दूसरी छात्रा का शव भी खड्ड से बरामद कर लिया गया। इस घटना से बरमाणा और घुमारवीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
कौन थी दोनों छात्राएं
जानकारी के अनुसार दोनों छात्राएं बरमाणा क्षेत्र की रहने वाली थीं और दसवीं कक्षा में पढ़ती थीं। इनमें एक की उम्र 14 वर्ष, जबकि दूसरी की उम्र 15 वर्ष बताई जा रही है। दोनों आपस में सहेलियां थीं। इनमें से एक छात्रा अपने ननिहाल में रहती थी, जबकि दूसरी प्रवासी परिवार से संबंध रखती थी और बरमाणा में ही रह रही थी।
परीक्षा देने निकली थीं घर से
बताया जा रहा है कि दोनों छात्राएं शनिवार सुबह सुंदरनगर में परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थीं। परिजनों को उम्मीद थी कि परीक्षा देने के बाद दोनों शाम तक लौट आएंगी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर उनकी चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर दोनों की तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
दो युवक आए थे ढूंढने
छात्राओं के ननिहाल पक्ष से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को उनके घुमारवीं में होने का पता चला। इसके बाद दोनों को समझाकर घर वापस लाने के लिए बरमाणा से दो युवकों को घुमारवीं भेजा गया। लेकिन युवकों के पहुंचने से पहले ही दोनों छात्राएं से सीरखड्ड पुल से कूद चुकी थीं।
सोमवार सुबह पुलिस और स्थानीय लोगों ने दोबारा तलाश अभियान शुरू किया। इसके बाद दूसरी छात्रा का शव भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आखिर क्यों उठाया कदम
फिलहाल दोनों छात्राओं ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
क्या कहते हैं डीएसपी
डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि सीर खड्ड पुल से कूदने वाली दोनों छात्राओं के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।