विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में स्वतंत्रता सेनानी की पत्नी से मारपीट, मकान की मरम्मत करने से रोका; लालटेन लेकर धरने पर बैठीं बुजुर्ग

By Munish Ghariya Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 25 Jun 2026 02:57 PM (IST)Updated: Thu, 25 Jun 2026 03:25 PM (IST)

स्वतंत्रता सेनानी की 90 वर्षीय पत्नी राम प्यारी ने बिलासपुर डीसी कार्यालय में धरना दिया, आरोप है कि उन्हें जर्जर ...और पढ़ें

बिलासपुर डीसी ऑफिस के बाहर लालटेन लेकर धरने पर बैठी स्वतंत्रता सेना की पत्नी। जागरण

बिलासपुर डीसी ऑफिस के बाहर लालटेन लेकर धरने पर बैठी स्वतंत्रता सेना की पत्नी। जागरण

HighLights

  1. स्वतंत्रता सेनानी की पत्नी ने जर्जर मकान मरम्मत रोकने पर धरना दिया।

  2. मारपीट और प्रताड़ना का आरोप, सुरक्षा व न्याय की गुहार।

  3. उपायुक्त ने एसडीएम को मामले की प्राथमिकता से जांच के निर्देश दिए।

जागरण संवाददाता, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में जिला बिलासपुर के उपमंडल घुमारवीं के तहत ग्राम पंचायत करलोटी से स्वतंत्रता सेनानी की 90 वर्षीय पत्नी राम प्यारी धरने पर बैठ गईं। उन्होंने मारपीट व प्रताड़ित करने और उनके पुश्तैनी मकान की मरम्मत न करने देने का आरोप लगाया है। इसको लेकर वृद्धा उपायुक्त कार्यालय परिसर में लालटेन लेकर धरने पर बैठ गईं और शिकायत पत्र सौंपकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

शिकायतकर्ता राम प्यारी पत्नी स्वर्गीय अमर नाथ डोगरा (स्वतंत्रता सेनानी) निवासी गांव व डाकखाना करलोटी, तहसील घुमारवीं ने बताया कि उनके पुश्तैनी मकान की छत पूरी तरह गल-सड़ चुकी है और गिर रही है। जब उन्होंने मकान की मरम्मत के लिए मिस्त्री लगाए, तो गांव के ही व्यक्ति ने उन्हें रोक दिया।

तक्सीम न होने के कारण है विवाद

जिस जमीन पर उनका घर है उनकी अभी तक तक्सीम नहीं हुई है और स्टे लगी है, लेकिन इस स्टे में मरम्मत कार्य करने की अनुमति है। आरोप है कि उक्त परिवार उन्हें मकान की छत बदलने नहीं दे रहा है और विरोध करने पर मारपीट करने व बंदूक से जान से मारने की धमकियां दे रहा है।

जर्जर मकान में रहने को मजबूर

बुजुर्ग महिला ने आरोप लगाया कि इससे पूर्व उक्त परिवार ने हमला किया था, जिसमें उनके सिर पर 15 टांके लगे थे। पीड़ित महिला ने बताया कि वह अपनी पुत्रवधू और छोटे-छोटे बच्चों के साथ इस जर्जर मकान में रहने को मजबूर हैं। 

बरसात में हो सकता है हादसा

बुजुर्ग महिला को ठीक से दिखाई और सुनाई भी नहीं देता, और उनके बेटे काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। मकान की हालत इतनी खराब है कि बरसात के मौसम में यह कभी भी गिर सकता है। 

जर्जर मकान में सांप के डसने से हुई पोती की मौत

उन्होंने कहा कि पुराने मकान की वजह से पहले भी मेरी पोती की सांप के काटने से मौत हो चुकी है। अब भी मकान से लगातार सांप निकल रहे हैं, जिससे हर समय जान का खतरा बना रहता है। उन्होंने आरोप लगाया है कि घुमारवीं प्रशासन व पुलिस उसका सहयोग नहीं कर रही है, इसलिए तंग आकर वह यहां पहुंची हैं।  

क्या कहते हैं उपायुक्त

उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि उक्त बुजुर्ग महिला उनके पास भी आई थी। इसलिए एसडीएम घुमारवीं को उनकी तक्सीम का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा है। इसके अलावा दोपहर बाद फील्ड स्टाफ भी वहां मौका कर आया है।

यह भी पढ़ें: 'सार्वजनिक रास्ते पर रुकावट पैदा करना सामाजिक अपराध', मंडी कोर्ट ने तीखी टिप्पणी के साथ खारिज की याचिका


यह भी पढ़ें: कैश वैन ड्राइवर ने रोक दिया एंबुलेंस का रास्ता, मरीज की जान पड़ी खतरे में तो हिमाचल पुलिस ने थमाया 10000 का चालान