3 एकड़ में पंडाल, मेहमानों के लिए 500 वेटर... शाहनवाज के बेटे और कांग्रेस MLA की बेटी की शादी की शाही दावत
कांग्रेस विधायक अकरम खान की बेटी अफशां का भव्य शादी समारोह यमुनानगर के लक्कड़ मंडी मानकपुर में 5 नवंबर को आयोजित हो रहा है।

विधायक अकरम खान की बेटी अफशां का भव्य समारोह आज, लक्कड़ मंडी में जुटेंगे वीआईपी मेहमान।
HighLights
कांग्रेस विधायक अकरम खान की बेटी अफशां का समारोह यमुनानगर में
लक्कड़ मंडी मानकपुर में तीन एकड़ में सजा भव्य पंडाल
कई राजनीतिक हस्तियां और वीआईपी मेहमान होंगे शामिल
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। कांग्रेस विधायक अकरम खान की बेटी अफशां के शादी समारोह के लिए लक्कड़ मंडी मानकपुर में तीन एकड़ में भव्य पंडाल सजाया गया है। पांच नवंबर को होने वाले समारोह में कई वीआईपी मेहमान पहुंचेंगे।
पंडाल उत्तर प्रदेश से तैयार करवाकर मंगवाया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो 10 हजार से ज्यादा मेहमानों के आने की संभावना है। जिनकी स्वागत और व्यवस्था के लिए 500 से अधिक वेटर लगाए गए हैं।
चार वीआईपी केबिन भी बनाए गए हैं। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कार्यक्रम की व्यवस्था की गई है। खाने की जिम्मेदारी हलवाई रमेश कुमार को सौंपी गई है। वह बड़े और वीआईपी आयोजनों में खाना बनाने का काम कर चुके हैं। जिले में पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर सहित कई बड़े आयोजनों में भी वह अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
25 अक्टूबर को दिल्ली में हुई थी शादी
समारोह में राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों के साथ कई बड़े नेता शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन भी समारोह में पहुंचेंगे। उनके साथ कई अन्य प्रमुख हस्तियों के आने की सूचना है। समारोह को लेकर लक्कड़ मंडी मानकपुर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अफशां का निकाह 25 अक्टूबर को नई दिल्ली में अरबाज हुसैन के साथ हुआ था। अरबाज भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन के बेटे हैं। अफशां ने मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल की है, जबकि अरबाज आयात-निर्यात के कारोबार से जुड़े हैं।
दिल्ली में हुए निकाह समारोह में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मनोहर लाल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए थे। अब यमुनानगर में होने वाले समारोह में भी बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- 'हम मुस्लिम समाज के दुश्मन हैं...', शहनवाज हुसैन के बेटे की शादी पर उमा भारती का भावुक पोस्ट
लंबे समय से राजनीति में सक्रिय है अकरम खान का परिवार
अकरम खान का परिवार लंबे समय से क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय है। खिजरी गांव निवासी अकरम खान राजनीति के साथ कृषि कार्य भी करते हैं। उनके पिता मोहम्मद असलम खान वर्ष 1987 और 1991 में छछरौली से विधायक रहे थे। उनके दादा चौधरी अब्दुल रशीद खान भी स्थानीय राजनीति में सक्रिय थे।
अकरम खान वर्ष 1996 में निर्दलीय विधायक बने थे। वर्ष 1999 में ओमप्रकाश चौटाला सरकार में गृह राज्य मंत्री रहे। इसके बाद विधानसभा उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2009 में बसपा के टिकट पर जगाधरी से चुनाव जीते और बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने 67,403 वोट हासिल कर जीत दर्ज की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।