यमुनानगर में चला बुलडोजर, प्रशासन ने नशा तस्करों के घरों को किया ध्वस्त; भारी संख्या में पुलिस बल किया गया था तैनात
यमुनानगर के हमीदा की आत्मापुरी कॉलोनी में नशा तस्करी के आरोपित मुस्तरी के अवैध मकान पर नगर निगम ने बुलडोजर चलाया।

नशा तस्करी के आरोपितों के मकान पर चला नगर निगम का बुल्डोजर।
HighLights
यमुनानगर में नशा तस्कर के अवैध मकान पर कार्रवाई
नगर निगम ने पुलिस बल के साथ बुलडोजर चलाया
नोटिस के बावजूद जवाब न मिलने पर हुई तोड़फोड़
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। हमीदा की आत्मापुरी कॉलोनी में नशा तस्करी के आरोपित के मकान पर नगर निगम की टीम ने पीला पंजा चलाया। पूर्व में इन्हें नोटिस देकर जवाब मांगा गया था लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। जिसके बाद वीरवार को यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस बल के साथ पहुंची निगम की टीम का कुछ महिलाओं ने विरोध किया लेकिन उन्हें पुलिस ने समझा बुझाकर बाहर निकाल दिया। अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट की याचिका का भी हवाला दिया लेकिन स्टे ऑर्डर नहीं दिखा सके। घर का सामान बाहर निकालकर तोडफोड़ की कार्रवाई की गई। हमीदा कॉलोनी में 16 लोगों को नगर निगम की ओर से नोटिस दिए गए हैं।

आत्मापुरी कॉलोनी में मुस्तरी के मकान पर यह कार्रवाई की गई है। उसके बेटे नईम व मुस्तकीम पर एनडीपीएस एक्ट के आठ केस दर्ज हैं। कई बार वह जेल भी जा चुके हैं। जिसके बाद से ही जिला पुलिस की ओर से उन पर कार्रवाई की सिफारिश की गई।
नगर निगम की टीम ने दस्तावेजों की जांच की तो सामने आया कि उनका मकान पूरी तरह से अवैध है। जिसके चलते उन्हें नोटिस दिया गया था। जिसका कोई जवाब नहीं दिया गया। यहां पर लगे नोटिस को भी फाड़ दिया गया।
-1789034320304.webp)
बुधवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र दहिया व नगर निगम के एटीपी दर्शन लाल, शहर यमुनानगर थाना प्रभारी मनोज कुमार यहां पुलिस बल के साथ पहुंचे। जिसके बाद मकान पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। इस मकान पर दोनों ओर सीसीटीवी भी लगाए हुए थे।
मकान से बाहर निकाले गए बच्चे व महिलाएं
नगर निगम की ओर से मुस्तरी को मकान खाली करने का नोटिस दिया गया। जिसके बाद एक-एक कर मकान से महिलाओं व बच्चों को बाहर निकाला गया। उनका सामान बाहर निकाला गया। जिसकी पूरी वीडियोग्राफी कराई गई। मौके पर गवाह भी बनाए गए।
-1789034360670.webp)
मुस्तरी के बेटे सलमान की उपस्थिति में यह पूरी कार्रवाई हुई। मुस्तरी व परिवार की अन्य महिलाएं अधिकारियों के सामने गिड़गिड़ाई। मुस्तरी ने कहा कि यह मकान उसके नाम पर है। काफी पहले बना हुआ है। नईम व मुस्तकीम को उसने बेदखल किया हुआ है। अब वह यहां नहीं रहते।
-1789034418639.webp)
इसके बाद उन्होंने कोर्ट में याचिका विचाराधीन होने की बात भी कही। बाद में उनकी ओर से अधिवक्ता भी आया लेकिन कोर्ट की ओर से स्टे ऑर्डर नहीं दिखा सका। उनकी याचिका कोर्ट ने स्वीकार की हुई है। जिसमें 12 अक्टूबर की अगली तारीख लगी है।
हालांकि, नईम व मुस्तकीम को परिवार से बेदखल करने की बात कही जा रही है लेकिन उनकी पत्नी व बच्चे इस मकान में रह रहे हैं। मुस्तरी का तर्क है कि बच्चे यहां पर पढ़ाई करते हैं। उन्हें अपने पास रखा हुआ है।
-1789034473744.webp)
शहर यमुनानगर थाना प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि नगर निगम की ओर से अवैध निर्माण ढहाने की कार्रवाई के लिए पुलिस बल मांगा गया था। उन्हें सहायता उपलब्ध कराई गई। ताकि कोई विवाद होने से रोका जा सके।
