विधायक अकरम खान की बेटी का समारोह आज, लक्कड़ मंडी में सजा पंडाल, आएंगे काफी वीआइपी
कांग्रेस विधायक अकरम खान की बेटी अफशां के शादी समारोह के लिए यमुनानगर के लक्कड़ मंडी मानकपुर में भव्य पंडाल सजाया गया है, जिसमें कई वीआइपी मेहमान शामिल होंगे।

विधायक अकरम खान की बेटी का समारोह ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
अकरम खान की बेटी अफशां का भव्य शादी समारोह यमुनानगर में।
समारोह में भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन सहित कई वीआइपी।
लक्कड़ मंडी मानकपुर में तीन एकड़ में सजाया गया विशाल पंडाल।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। कांग्रेस विधायक अकरम खान की बेटी अफशां के शादी समारोह के लिए लक्कड़ मंडी मानकपुर में तीन एकड़ में भव्य पंडाल सजाया गया है। पांच नवंबर को होने वाले समारोह में कई वीआइपी मेहमान पहुंचेंगे।
पंडाल उत्तर प्रदेश से तैयार करवाकर मंगवाया गया है। मेहमानों के स्वागत और व्यवस्था के लिए 500 से अधिक वेटर लगाए गए हैं। चार वीआइपी केबिन भी बनाए गए हैं।
समारोह में शामिल होंगे कई बड़े नेता
महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कार्यक्रम की व्यवस्था की गई है। खाने की जिम्मेदारी हलवाई रमेश कुमार को सौंपी गई है। वह बड़े और वीआइपी आयोजनों में खाना बनाने का काम कर चुके हैं। जिले में पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर सहित कई बड़े आयोजनों में भी वह अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
समारोह में राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों के साथ कई बड़े नेता शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन भी समारोह में पहुंचेंगे।
उनके साथ कई अन्य प्रमुख हस्तियों के आने की सूचना है। समारोह को लेकर लक्कड़ मंडी मानकपुर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निकास में शामिल हुए थे कई बड़े हस्ती
अफशां का निकाह 25 अक्टूबर को नई दिल्ली में अरबाज हुसैन के साथ हुआ था। अरबाज भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन के बेटे हैं। अफशां ने मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल की है, जबकि अरबाज आयात-निर्यात के कारोबार से जुड़े हैं।
दिल्ली में हुए निकाह समारोह में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मनोहर लाल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए थे। अब यमुनानगर में होने वाले समारोह में भी बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की संभावना है।
लंबे समय से राजनीति से जुड़ा अकरम का परिवार
अकरम खान का परिवार लंबे समय से क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय है। खिजरी गांव निवासी अकरम खान राजनीति के साथ कृषि कार्य भी करते हैं।
उनके पिता मोहम्मद असलम खान वर्ष 1987 और 1991 में छछरौली से विधायक रहे थे। उनके दादा चौधरी अब्दुल रशीद खान भी स्थानीय राजनीति में सक्रिय थे।
अकरम खान वर्ष 1996 में निर्दलीय विधायक बने थे। वर्ष 1999 में ओमप्रकाश चौटाला सरकार में गृह राज्य मंत्री रहे। इसके बाद विधानसभा उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।
वर्ष 2009 में बसपा के टिकट पर जगाधरी से चुनाव जीते और बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने 67,403 वोट हासिल कर जीत दर्ज की।
यह भी पढ़ें- रामपुर में सरकारी इंटर कॉलेज के शिक्षक ने छात्रों को बल्ले से पीटा, विरोध करने पर अभिभावकों पर भी किया हमला