पंजाब से सोनीपत आए युवक-युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, मोबाइल कवर में छिपी सिम से मिला अहम सुराग
गन्नौर और राजलूगढ़ी रेलवे स्टेशन के बीच आम्रपाली एक्सप्रेस के सामने कूदकर एक युवक और युवती ने आत्महत्या कर ली। दोनों पंजाब के पठानकोट के रहने वाले थे और उनकी उम्र 24-25 साल बताई जा रही है।

आम्रपाली एक्सप्रेस के सामने कूदकर युवक-युवती ने आत्महत्या कर ली। फोटो: जागरण
HighLights
गन्नौर में आम्रपाली एक्सप्रेस के सामने कूदकर युवक-युवती ने दी जान।
मृतक युवक-युवती पंजाब के पठानकोट के रहने वाले थे।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत भेजा।
जागरण संवाददाता, गन्नौर। गन्नौर और राजलूगढ़ी रेलवे स्टेशन के बीच वीरवार की दोपहर बाद आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कूदकर युवक और युवती ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। दोनों की उम्र 24-25 साल बताई जा रही है।
दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में मिले, जिससे उनकी पहचान करने में परेशानी हुई। दोनों पंजाब के पठानकोट के रहने वाले थे। दोनों सुबह युवती की सहेली के कमरे पर पहुंचे थे।
युवती ने बताया था कि दोनों ने शादी कर ली है। दोनों ने कहीं नौकरी लगवाने के लिए कहा था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भिजवाया है।
मोबाइल फोन से पुलिस को मिला अहम सुराग
गन्नौर जीआरपी इंचार्ज सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस को गन्नौर और राजलूगढ़ी रेलवे स्टेशन के बीच आम्रपाली एक्सप्रेस के सामने कूदकर एक युवक व युवती की मौत की सूचना मिली, इसके बाद वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को घटनास्थल से एक मोबाइल फोन मिला, जिसकी जांच के दौरान अहम सुराग हाथ लगा। मोबाइल से सिम निकाल कर बैक कवर में छिपाया गया था।
सिम को फोन में डालकर जांच की तो आखिरी कॉल गन्नौर के प्रजापति मोहल्ले में रहने वाले टोनी कुमार की मिली। पुलिस ने टोनी से संपर्क कर उसे मौके पर बुलाया।
सहेली के कमरे पर पहुंचे थे युवक-युवती
टोनी मूलरूप से पंजाब के पठानकोट का रहने वाला है और गन्नौर की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। उसने पुलिस को बताया कि मृतका सपना उसकी पत्नी की सहेली है।
सपना पठानकोट में उसकी पत्नी के साथ एक कंपनी में काम कर चुकी है। वह सुबह एक युवक कमल के साथ उसके कमरे पर आई थी। सपना ने उसे बताया कि उन दोनों ने शादी कर रखी है।
वह दोनों कंपनी में नौकरी लगवाने की बात कर रहे थे और दोपहर बाद बाजार से सामान खरीदने की बात कहकर दोनों कमरे से निकले थे।
जीआरपी इंचार्ज सुरेश कुमार ने बताया कि अभी दोनों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है।
स्वजन से संपर्क होने के बाद ही मृतकों की पहचान और उनके आपसी संबंधों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। शुक्रवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- सोनीपत में आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक-युवती की मौत, जांच में जुटी रेलवे पुलिस