सोनीपत में पहचान छिपाकर शादी का मामला, महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव
सोनीपत में एक महिला ने युवक पर अपनी पहचान और वैवाहिक स्थिति छिपाकर शादी करने का आरोप लगाया है। महिला ...और पढ़ें

सोनीपत में धोखे से शादी का मामला, युवक ने छिपाई पहचान और वैवाहिक स्थिति (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
युवक ने जोनी नाम बताकर शादी की, असली नाम जावेद निकला।
महिला पर धर्म परिवर्तन और बच्चों के नाम बदलने का दबाव डाला गया।
रक्षक सेना ने पीड़िता से मिलकर पुलिस कार्रवाई की मांग की है।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। शहर के देवडू रोड स्थित एक कालोनी की रहने वाली महिला ने युवक पर पहचान और शादीशुदा होने की बात छिपा कर शादी करने का आरोप लगाया।
आरोप है कि शादी के वक्त युवक ने अपना नाम जोनी बताया था। लेकिन, चार महीने बाद उसे पता चला कि उसका असली नाम जावेद है। पीड़िता ने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने और जेठों पर छेड़छाड़ और जबरन संबंध बनाने का भी आरोप लगाया।
मामला सामने आने के बाद संगठन भी हरकत में आए। रक्षक सेना ने पीड़िता से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। रक्षक सेना ने मामले में आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर महिला को सुरक्षा देने की मांग की है। संगठन ने 48 घंटे में कार्रवाई करने की भी मांग की है।
उत्तर प्रदेश के बड़ौत क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2015 में अमित से हुई थी। उसके तीन बच्चे भी हैं। वर्ष 2022 में पति से अलग होने के बाद वह सोनीपत आकर रहने लगी थी।
महिला का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली रूबी और कल्पना ने इंस्टाग्राम पर ‘जैश’ नाम की पहचान के माध्यम से उसकी एक युवक से दोस्ती कराई थी। युवक ने खुद को जोनी नाम का हिंदू युवक बताया।
महिला के अनुसार, 29 जून 2023 को कामी रोड स्थित एक गैराज में उसकी युवक से पहली मुलाकात हुई। इस दौरान युवक ने उसके तीनों बच्चों को अपना नाम देने की बात कही। इसके बाद 29 जुलाई 2023 को मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों ने शादी कर ली।
पहली पत्नी घर पहुंची तो वास्तविक नाम पता चला
महिला का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद एक महिला और उसकी मां उसके कमरे पर पहुंचीं। उस समय युवक घर पर नहीं था। महिला ने खुद को युवक की पत्नी बताया। दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान शिकायतकर्ता को पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी से तीन बच्चे हैं।
आरोप है कि जिस युवक ने अपना नाम जोनी बताया था, उसका वास्तविक नाम जावेद है। जावेद पहले से शादीशुदा था और उसकी पहली पत्नी कनीज से तीन बच्चे हैं। महिला ने आरोप लगाया कि जावेद ने मकान मालिक को भी अपनी पहचान अमित के रूप में बताई थी और पहचान के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों का भी इस्तेमाल किया।
बेटा होने पर डाला धर्म परिवर्तन का दबाव
महिला ने दो जुलाई को जावेद से एक बेटे को जन्म दिया। महिला का आरोप है कि बच्चे के इलाज पर उसकी मां की जमीन बेचकर लाखों रुपये खर्च किए गए। इसके बाद जावेद की ओर से उसके पहले पति से हुए बच्चों को धर्म बदलने का दबाव डाला जाने लगा। महिला ने जावेद के परिवार के सदस्य इमरान खान और मोमिन खान पर भी आरोप लगाए हैं।
उसका आरोप है कि दोनों ने अकेले में उसके साथ छेड़खानी की और जबरन संबंध बनाने का दबाव डाला। आरोपितों ने कहा कि उनके धर्म में यह जायज है। महिला ने मारपीट करने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
पीड़िता से मिली रक्षक सेना की टीम
रक्षक सेना प्रमुख मनजीत तिहाड़ा के नेतृत्व में सोमवार को संगठन की टीम पीड़िता से मिलने पहुंची। संगठन सदस्यों का कहना है कि महिला की ओर से सेक्टर-27 थाने में लिखित शिकायत दी गई है।
सदस्यों ने कहा कि जावेद उर्फ जानी, इमरान, मोमिन, रूबी, कल्पना और जैश नाम की पहचान वाले युवक की भूमिका की जांच की जानी चाहिए। संगठन सदस्यों ने चेतावनी दी है कि अगर 48 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की तो वह उच्च पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - सवित कुमार, प्रभारी, सेक्टर-27
यह भी पढ़ें- सोनीपत के बेटों का एशियन गेम्स में जलवा, अभिषेक नैन और सुमित के दम पर भारतीय हॉकी टीम ने जीता गोल्ड
