Asian Games में सोनीपत के खिलाड़ियों का जलवा, 15 ने जीते मेडल; 13 गोल्ड से चमका जिले का नाम
जापान के आइची नागोया में संपन्न हुए एशियाई खेलों में सोनीपत के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। जिले के ...और पढ़ें

जापान में भारतीय महिला हाकी टीम की जीत के बाद मेडल दिखाती सोनीपत की खिलाड़ी। सौ- नेहा गोयल
HighLights
सोनीपत के 18 खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों में भाग लिया।
जिले के खिलाड़ियों ने कुल 15 पदक जीते, 13 स्वर्ण सहित।
हॉकी, कबड्डी, कुश्ती, एथलेटिक्स, तीरंदाजी में पदक हासिल किए।
नंदकिशोर भारद्वाज, सोनीपत। जापान के आइची नागोया में सपन्न हुए एशियाई खेलों में सोनीपत के खिलाड़ियों ने अपना दबदबा कायम रखा है। प्रदेश में सोनीपत से एक जिले से सर्वाधिक 18 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिनमें से 15 खिलाड़ियों ने मेडल जीतकर देश-प्रदेश के साथ जिले का मान बढ़ाया है।
15 में से 13 गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रांज मेडल सोनीपत के खिलाड़ियों ने जीते हैं। हाकी में सात, कबड्डी में चार, कुश्ती में दो, एथलेटिक्स व तीरंदाजी में एक-एक मेडल मिला है। अगर खेल के हिसाब से मेडल की बात करें तो साेनीपत के खिलाड़ियों ने महिला व पुरुष हाकी में गोल्ड, महिला व पुरुष कबड्डी में गोल्ड, कुश्ती में एक सिल्वर व एक ब्रांज, एथलेटिक्स में गोल्ड और तीरंदाजी में गोल्ड जीता है।
गोल्ड का सपना हुआ पूरा
भारतीय महिला हाकी टीम में सोनीपत से नेहा गोयल, साक्षी राणा, शिल्पी और ज्योति ने उम्दा खेल दिखाते हुए टीम को गोल्ड मेडल जितवाया। वहीं पुरुष हाकी में जिले के स्टार खिलाड़ी अभिषेक नैन, सुमित कुमार और यशदीप सिवाच शामिल थे।यह भी पढ़ें- 'हॉकी ने मुझे चुना', एशियन गेम्स में भारत को गोल्ड दिलाने के बाद भावुक हुए कप्तान हरमनप्रीत सिंह
अभिषेक ने सेमीफाइनल मैच में अंतिम मिनट में विजीय गोल कर पाकिस्तान की टीम को बाहर का रास्ता दिखा दिया। वर्ष 1998 में एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष व महिला हाकी टीमों ने फाइनल मैच खेले थे, लेकिन उस समय महिला टीम को हार का सामना करते हुए रजत पदक मिला था।
अब टीम को गोल्ड मेडल का सपना पूरा हो सका है। वहीं भारतीय पुरुष व महिला कबड्डी टीमों ने गोल्ड मेडल जीते। पुरुष टीम में गोहाना के सुनील मलिक व आशु मलिक, सिसाना के जयदीप शामिल थे, वहीं खानपुर कलां की राजरानी महिला कबड्डी टीम का हिस्सा रहीं।
कुश्ती में गांव जागसी के नितेश ने सिल्वर मेडल और गांव डबरपुर के सुनील मलिक ने ब्रांज मेडल जीतकर पहलवानी का दम दिखाया। एथलेटिक्स में गांव गूमड़ की किरण पहल ने चार गुना 400 मीटर रिले रेस में गोल्ड मेडल जीता, जबकि तीरंदाजी में गांव सिवानका के कुशल दलाल ने गोल्ड पर निशाना साधा।
वर्ष 1962 में था देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
भारत के खिलाड़ियों ने वर्ष 1962 में हुए एशियाई खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया था, तब देश के खिलाड़ियों ने 33 पदक जीते थे। इस साल भी खिलाड़ी वर्ष 2022 का प्रदर्शन दोहरा सके हैं।
यह भी पढ़ें- सोनीपत के बेटों का एशियन गेम्स में जलवा, अभिषेक नैन और सुमित के दम पर भारतीय हॉकी टीम ने जीता गोल्ड
वर्ष 2022 में भारत 106 मेडल जीतकर चौथे स्थान पर रहा था। इस बार 85 मेडल जीतकर भी चौथे स्थान पर रहा है।
| वर्ष | स्थान | कुल पदक |
|---|---|---|
| 1951 | दूसरा | 51 |
| 1954 | पांचवां | 17 |
| 1958 | सातवां | 13 |
| 1962 | तीसरा | 33 |
| 1966 | पांचवां | 21 |
| 1970 | पांचवां | 25 |
| 1974 | सातवां | 28 |
| 1978 | छठा | 28 |
| 1982 | पांचवां | 57 |
| 1986 | पांचवां | 37 |
| 1990 | 12वां | 23 |
| 1994 | आठवां | 23 |
| 1998 | नौवां | 35 |
| 2002 | सातवां | 36 |
| 2006 | आठवां | 53 |
| 2010 | छठा | 65 |
| 2014 | आठवां | 57 |
| 2018 | आठवां | 70 |
| 2022 | चौथा | 106 |
| 2026 | चौथा | 85 |
बेहतर खेल नीति के कारण हरियाणा के खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सरका प्राथमिक स्तर से ही खिलाड़ियों की मदद के लिए तत्पर रहती है।
खिलाड़ियों को कोचिंग, खेल सुविधाएं, स्टेडियम के साथ तैयारियों के लिए पूरी मदद की जाती है, इसी का परिणाम है कि देश के पदकों में हरियाणा की अहम भूमिका है। - गौरव गौतम, खेल राज्यमंत्री हरियाणा
