विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अपने बच्चों से सफाई करवाएं', सोनीपत में छात्रों से सफाई कराने पर भड़के कर्मचारी, हेडमास्टर ने मांगी माफी

Published: Sat, 29 Aug 2026 01:44 PM (IST)

सोनीपत के मॉडल टाउन स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में छात्रों से स्कूल के बाहर सफाई करवाने पर हंगामा हो गया। सफाई कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया।

HighLights

  1. सोनीपत स्कूल में छात्रों से सफाई कराने पर हंगामा।

  2. सफाई कर्मचारियों ने हेडमास्टर पर लगाए गंभीर आरोप।

  3. हेडमास्टर की माफी के बाद धरना समाप्त, मामला शांत।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। मॉडल टाउन स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को उस समय हंगामा हो गया, जब स्कूल के बाहर छात्रों से सफाई करवाई जा रही थी। बच्चों को सफाई करते देख मौके पर पहुंचे सफाई कर्मचारियों ने इसका विरोध किया और पूरी घटना की वीडियो भी बनाई। देखते ही देखते सफाई कर्मचारी स्कूल के बाहर एकत्र हो गए और हेडमास्टर के खिलाफ विरोध जताते हुए धरने पर बैठ गए।

जातिसूचक शब्दों बोलने का आरोप

सफाई कर्मचारियों का आरोप था कि स्कूल में उनसे संबंधित कार्य करवाने के बजाय बच्चों से सफाई करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि स्कूल की सफाई करवानी है तो हेडमास्टर और अध्यापक अपने बच्चों से सफाई करवाएं। कर्मचारियों ने हेडमास्टर पर उनके साथ कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और उनके बच्चों से स्कूल की सफाई करवाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए।

मामला बढ़ने पर सफाई कर्मचारियों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे हैं और बच्चों से सफाई करवाने का विरोध इसलिए किया गया क्योंकि इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ उनके प्रति गलत संदेश जाता है।

हेडमास्टर ने मांगी माफी, खत्म हुआ धरना

विवाद बढ़ने के बाद स्कूल के हेडमास्टर ने सफाई कर्मचारियों से बातचीत की। हेडमास्टर की ओर से माफी मांगे जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। इसके बाद सफाई कर्मचारी धरने से उठ गए और मामला शांत हुआ।

हेडमास्टर बोले- श्रमदान के आदेश के तहत हुई सफाई

हेडमास्टर का कहना था कि स्कूल में सफाई का कार्यक्रम सरकार की ओर से जारी श्रमदान के आदेश के तहत कराया जा रहा था। इसी के तहत स्कूल में सफाई करवाई जा रही थी। उनका कहना था कि इसका उद्देश्य बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।

हालांकि, छात्रों से स्कूल के बाहर सफाई करवाए जाने को लेकर सफाई कर्मचारियों के विरोध के बाद मामला विवाद में बदल गया। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद स्थिति सामान्य हो गई।

यह भी पढ़ें- सोनीपत में यमुना नदी के बेगा घाट पर नहाते समय दो सगे भाई बहे, तलाश में जुटे गोताखोर

यह भी पढ़ें- सोनीपत में नौकरी लगवाने का कमीशन न देने पर पेट में कंप्रेशर से भरी हवा, बड़ी आंत फटी; इटावा के हैं चारों आरोपित