विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत को विकास की बड़ी सौगात, हाउस बैठक में 46 करोड़ के विकास कार्यों पर लगी मुहर;नई वेबसाइट भी लॉन्च

Published: Fri, 23 Oct 2026 07:08 PM (IST)

सोनीपत नगर निगम ने सीवरेज, पेयजल और सामुदायिक केंद्रों सहित अन्य कई विकास कार्यों को मंजूरी दी है। इस दौरान निगम की नई वेबसाइट mcsonipat.in भी लॉन्च की गई।

सोनीपत नगर निगम की बैठक, जागरण

सोनीपत नगर निगम की बैठक, जागरण

HighLights

  1. सोनीपत निगम ने 46 करोड़ के विकास कार्य मंजूर किए।

  2. सीवरेज, पेयजल पाइपलाइन, सामुदायिक केंद्र निर्माण पर जोर।

  3. mcsonipat.in वेबसाइट लॉन्च, पारदर्शिता और शिकायत सुविधा।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। शहर में सीवरेज व्यवस्था सुधारने, पेयजल पाइपलाइन बिछाने, सामुदायिक केंद्र बनाने और गलियों के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों पर नगर निगम करीब 46.06 करोड़ रुपये खर्च करेगा। शुक्रवार को हुई निगम की बैठक में अलग-अलग वार्डों के विकास कार्यों के एस्टीमेट पास किए गए।

बैठक में पार्षदों की ओर से दिए गए 200 से ज्यादा प्रस्तावों पर भी मंथन हुआ। वहीं, निगम की वेबसाइट mcsonipat.in भी लॉन्च की गई। इस पर आमजन शिकायत दर्ज कराने के साथ निगम का बजट, खर्च का ब्योरा और विकास कार्यों के एस्टीमेट भी देख सकेंगे।

शहर से जुड़े इन मुद्दों पर हुई चर्चा

मेयर राजीव जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट और सड़कों के सुंदरीकरण जैसे मुद्दे उठे।

वार्ड-6 से 9 तक तक कई बड़े विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इनमें सीवरेज नेटवर्क और सामुदायिक केंद्रों के निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे।

वार्ड 6 से 9 तक कई विकास कार्यों को मंजूरी

वार्ड-6 के फाजिलपुर गांव में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए 1.56 करोड़ रुपये और रेवली गांव में सामुदायिक केंद्र बनाने के लिए 4.04 करोड़ रुपये के एस्टीमेट पास किए गए।

वार्ड-7 में बहालगढ़ रोड पर लिवासपुर गांव से सेक्टर-4/27 के जंक्शन तक सीवरेज नेटवर्क बिछाने पर 9.44 करोड़ रुपये खर्च होंगे। हाशमाबाद में सीवरेज कार्य के लिए 1.31 करोड़ और लिवासपुर में 7.98 करोड़ रुपये के एस्टीमेट मंजूर किए गए।

वार्ड-8 के जाट जोशी गांव में सीवरेज व्यवस्था सुधारने पर 3.07 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लिवान और जाट जोशी में सामुदायिक केंद्रों के निर्माण के लिए 4.14 करोड़ और 4.16 करोड़ रुपये के एस्टीमेट पास हुए।

वार्ड-9 के जगदीशपुर गांव में सीवरेज नेटवर्क बिछाने पर 4.06 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा सात एमएलडी क्षमता के डिस्पोजल के निर्माण सहित अन्य कार्यों के लिए 2.08 करोड़ और सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए 4.21 करोड़ रुपये के एस्टीमेट शामिल हैं।

लगाई जाएगी स्ट्रीट लाइट

निगम आयुक्त हर्षित कुमार ने बताया कि पिछले एक साल में 20 हजार स्ट्रीट लाइट लगवाई गई हैं, जबकि 2500 और लाइट खरीदने की मंजूरी दी गई है।

बैठक में पार्षदों के अलावा सह आयुक्त मीतू धनखड़, सहायक आयुक्त विजय यादव, कार्यकारी अभियंता पद्म भूषण, राहुल पूनिया, अजय निराला, राकेश जून, मुख्य सफाई निरीक्षक साहब सिंह, सितेंद्र दहिया, चीफ अकाउंट अधिकारी धनपत सिंह और सुनील मान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

वेबसाइट पर दिखेगा बजट, खर्च और एस्टीमेट

निगम की वेबसाइट लांच होने से शहरवासियों को शिकायत दर्ज कराने और विकास कार्यों की जानकारी हासिल करने की सुविधा मिलेगी। निगम का बजट, खर्च का ब्योरा और विकास कार्यों के एस्टीमेट भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने और उनकी गुणवत्ता पर नजर रखने में मदद मिलेगी।

चार प्रमुख सड़कों के सुंदरीकरण की जिम्मेदारी तय

शहर की मुख्य सड़कों को सुंदर बनाने के लिए अलग-अलग संस्थाओं को जिम्मेदारी दी गई है। बहालगढ़ रोड और गोहाना रोड का सुंदरीकरण सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण करवाएगा। राठधाना रोड की जिम्मेदारी जिंदल ग्रुप को और मुरथल रोड की जिम्मेदारी वन प्रस्था बिल्डर्स को दी गई है। शहर के विभिन्न चौराहों को भी सुंदर बनाने की योजनाएं तैयार की जा रही हैं।

सफाई व्यवस्था पर पार्षदों ने उठाए सवाल

बैठक में पार्षदों ने शहर की सफाई व्यवस्था में कमियों का मुद्दा उठाया। इस पर मेयर ने सफाई एजेंसियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही, अवैध कूड़ा प्वाइंट खत्म करने के लिए जेवीएम कंपनी को भी कड़े निर्देश दिए गए।

बैठक में निगम के अधिकारियों और अभियंताओं ने पिछली बैठक में रखे गए प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई और विकास कार्यों की स्थिति का ब्योरा भी सदन में रखा।

यह भी पढ़ें- सोनीपत में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, दुकान की तीसरी मंजिल पर कर रहे थे काम

यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में सोनीपत से एक और आरोपित अंकित गिरफ्तार, मुंबई पुलिस को मिली 3 दिन ट्रांजिट रिमांड