फारूक अब्दुल्ला के बयान पर सोनीपत में वकीलों का प्रदर्शन, एफआईआर की मांग
सोनीपत में वकीलों ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के बयान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने बयान ...और पढ़ें

फारूक अब्दुल्ला के बयान पर सोनीपत में वकीलों का प्रदर्शन ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
सोनीपत में वकीलों ने फारूक अब्दुल्ला के बयान का विरोध किया।
बयान को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के खिलाफ बताया।
अधिवक्ताओं ने एफआईआर और पार्टी पंजीकरण रद्द करने की मांग की।
दीपक गिजवाल, सोनीपत। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के प्रमुख डॉ फारूक अब्दुल्ला के एक बयान को लेकर सोनीपत में विरोध शुरू हो गया है। उनके बयान पर जिला अदालत के वकीलों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
अधिवक्ताओं ने बयान को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के खिलाफ बताया है। उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
नेशनल कॉन्फ्रेंस का पंजीकरण रद्द करने की भी मांग
इस संबंध में अधिवक्ता सतेंद्र सिंह दहिया ने मंगलवार को डीसीपी को लिखित शिकायत सौंपी। वहीं, चुनाव आयोग के नाम भी ज्ञापन तैयार कर सीटीएम के माध्यम से भेजा गया है। इसमें फारूक अब्दुल्ला के खिलाफ कार्रवाई के साथ उनकी पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस का पंजीकरण रद करने की मांग भी उठाई गई है।
अधिवक्ता सतेंद्र सिंह दहिया ने फारूक अब्दुल्ला के एक जनसभा में दिए बयान के विभिन्न अंशों का उल्लेख कर आरोप लगाया कि उन्होंने केंद्र सरकार पर जम्मू-कश्मीर के साथ न्याय नहीं करने की बात कही। साथ ही पड़ोसी देश को कश्मीर मुद्दे को लगातार उठाने और घाटी के लोगों की रक्षा करने वाला बताया।
इस तरह के बयान से होगी विद्रोह की भावना पैदा
शिकायत में यह भी कहा गया है कि फारूक अब्दुल्ला ने लोगों से अपने अधिकारों के लिए खड़े होने और संघर्ष करने का आह्वान किया था। अधिवक्ता का आरोप है कि इस तरह के बयान से लोगों में देश के प्रति अलगाव और विद्रोह की भावना पैदा हो सकती है।
दहिया ने शिकायत में कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद और जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों के बलिदान के बावजूद पड़ोसी देश की भूमिका को इस तरह प्रस्तुत करना आपत्तिजनक है।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता से जुड़े विषयों पर किसी भी तरह का भड़काऊ बयान स्वीकार नहीं किया जा सकता।
यह भी पढ़ें- सोनीपत में पीआर धान खरीद ठप, किसानों का हैफेड गेट पर धरना, एमडी को बंधक बनाने की चेतावनी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।