सोनीपत, गोहाना और गन्नौर के विकास कार्यों का लेखा-जोखा, सीवरेज-सड़कों ने पकड़ी रफ्तार, मेट्रो और बाईपास अब भी दूर
गोहाना, गन्नौर और सोनीपत में विकास कार्यों की समीक्षा की गई है। बुनियादी ढांचे जैसे सीवरेज और सड़कों का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन जिला बनाने, बाईपास और मेट्रो जैसी बड़ी चुनावी घोषणाएं अभी भी अधूरी हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गोहाना में जिला, बाईपास और आरओबी का इंतजार जारी।
गन्नौर में बाईपास एस्टीमेट तैयार, कॉलेज जमीन तय हुई।
सोनीपत में मेट्रो दूर, बस अड्डा शिफ्टिंग और सड़क चौड़ीकरण शुरू।
जागरण संवाददाता, गोहाना। विधानसभा चुनाव के दौरान जिले की जनता से किए गए बड़े-बड़े वादों की जमीनी हकीकत धीरे-धीरे सामने आने लगी है। चाहे बात गोहाना को जिला बनाने की हो, जाम से निजात दिलाने के लिए बाईपास व ओवरब्रिज बनाने की हो या सोनीपत तक मेट्रो पहुंचाने की हो।
कई महत्वाकांक्षी घोषणाएं अभी फाइलों, जमीन अधिग्रहण और तकनीकी अड़चनों में उलझी हुई हैं। हालांकि, बुनियादी ढांचे जैसे सीवरेज, पेयजल व्यवस्था, नए बस स्टैंड और सड़कों के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण लेकर कामों ने रफ्तार पकड़ी है। जनप्रतिनिधियों के रिपोर्ट कार्ड में जहां कुछ परियोजनाएं धरातल पर उतरती दिख रही हैं, वहीं जनता बड़े चुनावी वादों के पूरा होने का इंतजार कर रही है।
गोहाना विधानसभा
300 करोड़ के काम जारी, पर जिला, बाईपास और आरओबी का इंतजार
गोहाना को जिला बनाने का सबसे प्रमुख चुनावी वादा अभी तक अधूरा है। इसके अलावा बाईपास का निर्माण जमीन न मिलने के कारण अटका हुआ है। महम और बरोदा रोड पर घोषित रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज का काम भी अब तक शुरू नहीं हो सका है। दूसरी तरफ क्षेत्र में सीवरेज और पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने का काम बड़े स्तर पर चल रहा है।
भालौठ ब्रांच नहर को कंक्रीट का बनाने का काम युद्धस्तर पर जारी है और कई लिंक मार्गों पर नई सड़कों बनाई जा रही हैं। मार्च 2026 में सीएम द्वारा खानपुर कलां को तहसील और बरोदा को उप-तहसील बनाने की घोषणा की गई थी, जिस पर परिसीमन के बाद काम शुरू होगा।
गोहाना में फिलहाल करीब 300 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। जिला बनाने में उपमंडल के अलावा नया क्षेत्र जोड़ने को लेकर कुछ अड़चनें आई थीं, जिन्हें सरकार द्वारा दूर कर हर हाल में गोहाना को जिला बनाया जाएगा। बाईपास के लिए ई-भूमि पोर्टल के जरिए सहमति मांगी गई थी। कुछ किसानों ने सहमति नहीं दी। जल्द किसानों और अधिकारियों के साथ दोबारा बैठक की जाएगी और किसानों को समझाया जाएगा। आरओबी-आरयूबी की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।
-डॉ. अरविंद शर्मा, विधायक गोहाना एवं कैबिनेट मंत्री
गन्नौर विधानसभा
77.45 करोड़ के बाईपास का एस्टीमेट तैयार, कॉलेज की जमीन तय
शहर को जाम मुक्त कराने के लिए बाईपास निर्माण की प्रक्रिया कागजों से आगे बढ़ रही है। सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण ने इसके लिए 77.45 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर सरकार को भेज दिया है। वहीं, राजकीय कॉलेज के स्थायी भवन के लिए बड़ी गांव की पंचायत जमीन का चयन कर लिया गया है, लेकिन एस्टीमेट मंजूर होने के बाद ही टेंडर प्रक्रिया शुरू हो पाएगी।
पुराने बस अड्डे के जर्जर भवन को तोड़ दिया गया है और जल्द ही नए बस अड्डे का निर्माण शुरू होगा। इसके साथ ही शहर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए सीवरेज पाइपलाइन बिछाने का काम जारी है। कोशिश है कि बाईपास की परियोजना पर जल्द काम शुरू हो।
-देवेंद्र कादियान, विधायक, गन्नौर
सोनीपत विधानसभा
मेट्रो का सफर अब भी दूर, बस अड्डा शिफ्टिंग और हाईवे चौड़ीकरण शुरू
चुनाव के समय सोनीपत शहर तक मेट्रो ट्रेन पहुंचाने का बड़ा वादा किया गया था, लेकिन इस प्रोजेक्ट पर अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है। इसके अलावा मिनी बाईपास का काम ग्रैप की पाबंदियों के कारण फिलहाल रुका हुआ है, जो पाबंदियां हटते ही दोबारा शुरू होगा। बस स्टैंड शिफ्ट करने व अन्य वादों पर काम चला हुआ है।
शहर के बीच से बस अड्डे को गांव जाट जोशी के पास हाईवे किनारे शिफ्ट करने का काम शुरू हो चुका है। नागरिक अस्पताल में एमसीएच विंग के भवन का ढांचा तैयार हो रहा है। सीवर समस्या के समाधान के लिए राठधना में 90 एमएलडी का नया एसटीपी बन रहा है, प्रोजेक्ट दो साल में पूरा होगा। दीवान फार्म से सेक्टर सात होते हुए एनएच-44 तक सड़क को छह लेन बनाने का काम भी जारी है।
-निखिल मदान, विधायक, सोनीपत
यह भी पढ़ें- सोनीपत: कूड़े के ढेर पर भड़के लोग, 14 महीने से लटकी थी मांग; अब 3 महीने में डंपिंग प्वाइंट हटाने का भरोसा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।