विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत: कूड़े के ढेर पर भड़के लोग, 14 महीने से लटकी थी मांग; अब 3 महीने में डंपिंग प्वाइंट हटाने का भरोसा

Published: Tue, 24 Nov 2026 04:07 PM (IST)

सोनीपत के बाबा धाम के पीछे कूड़े के ढेर से परेशान लोगों ने प्रदर्शन किया, जहां बदबू और गंदगी से जीना मुश्किल हो गया है। 

तीन माह में शिफ्ट करने का आश्वासन। जागरण

तीन माह में शिफ्ट करने का आश्वासन। जागरण

HighLights

  1. बाबा धाम के पीछे कूड़े से परेशान लोगों का प्रदर्शन।

  2. मेयर ने तीन महीने में डंपिंग प्वाइंट शिफ्ट करने का वादा किया।

  3. 14 महीने से उठ रही थी डंपिंग प्वाइंट हटाने की मांग।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। शहर में कूड़ा उठान और निस्तारण की व्यवस्था को लेकर एक बार फिर नगर निगम की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। बाबा धाम के पीछे बने डंपिंग प्वाइंट को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को लोगों ने प्रदर्शन किया।

मौके पर पहुंचे मेयर राजीव जैन ने तीन महीने के भीतर डंपिंग प्वाइंट बंद कर दूसरी जगह शिफ्ट करने का आश्वासन दिया। हालांकि, इस स्थान को हटाने की मांग पिछले करीब 14 महीने से उठ रही है। सितंबर 2025 में भी लोगों ने विरोध जताया था और विधायक निखिल मदान ने निगम आयुक्त को मौके पर बुलाकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए थे,लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

प्रदर्शनकारियों ने मेयर को क्या कहा?

प्रदर्शनकारियों ने मेयर को बताया कि डंपिंग प्वाइंट पर समय पर कूड़ा नहीं उठाया जाता। इससे आसपास बदबू फैलती है और लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो रहा है। कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के खड़े रहने से सड़क पर जाम लगता है। सड़क पर फैलने वाले कूड़े की सफाई नहीं होने से बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

लोगों का आरोप है कि नगर निगम और जेबीएम कंपनी के अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। पहले इस डंपिंग प्वाइंट को हटाने की मांग उठाई थी। उस समय विधायक निखिल मदान ने निगम आयुक्त को मौके पर बुलाकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए थे। विधायक के निर्देश के बाद भी अधिकारी लापरवाही बरते रहे। जिसके चलते अब लोग नगर निगम के खिलाफ सड़क पर उतरे हैं।

तीन महीने में शिफ्ट होगा, लेकिन नई जगह तय नहीं

अब मेयर ने तीन महीने में बाबा धाम के पीछे का डंपिंग प्वाइंट बंद करने का भरोसा दिया है। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि कचरा किस स्थान पर डाला जाएगा।

साथ ही, अगले तीन महीने तक मौजूदा प्वाइंट पर सफाई, नियमित उठान और गाड़ियों की आवाजाही कैसे नियंत्रित होगी, इसको लेकर कोई योजना नहीं है। ऐसे में लोगों की मांग है कि डंपिंग प्वाइंट शिफ्ट करने के साथ तत्काल सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त की जाए।

'क्षेत्रों के लोगों से बातचीत की गई है। हालात का भी जायजा लिया है। तीन माह के में प्वाईंट को बंद करके दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर दिया जाएगा।'

-राजीव जैन, मेयर नगर निगम।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।