सोनीपत में ठंड की दस्तक से खिले किसानों के चेहरे, गेहूं-सरसों की फसल के लिए संजीवनी बनेगी ओस; नहरों में आया पानी
सोनीपत में रविवार सुबह कोहरे की दस्तक से ठंड बढ़ी, जिससे न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक गिरा। यह कोहरा और ओस की बूंदें रबी की फसलों, विशेषकर गेहूं और सरसों के लिए संजीवनी साबित हो सकती है।

खेतों में उगी गेहूं की फसल। जागरण
HighLights
सोनीपत में कोहरे से ठंड बढ़ी, न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस।
ओस की बूंदें रबी की फसलों, गेहूं-सरसों, के लिए संजीवनी।
नहरों में पानी आने से किसानों को सिंचाई में मिली राहत।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। क्षेत्र में मौसम ने करवट ली है, रविवार सुबह कोहरे ने क्षेत्र में दस्तक दी, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है।
कोहरे और हल्की ठंडी हवा के चलते तापमान में भी गिरावट आई। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस से घटकर 12 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
मौसम ने किसानों के चेहरे पर लाया मुस्कान
एक तरफ जहां सुबह के समय वाहन चालकों को कोहरे के कारण सावधानी बरतनी पड़ी, वहीं दूसरी तरफ बदला हुआ मौसम किसानों के चेहरे पर मुस्कान लेकर आया है। कोहरे के चलते सुबह दृश्यता लगभग 30 मीटर तक रही। सुबह नौ बजे काेहरा छटना शुरू हुआ। कोहरे के साथ गिरने वाली ओस की बूंदें रबी की फसलों, विशेषकर गेहूं और सरसों के लिए संजीवनी बन सकती है।
क्षेत्र के अधिकतर खेतों में गेहूं की बिजाई का कार्य पूरा हो चुका है और फसल अंकुरित होकर बढ़ने लगी है। वहीं, सरसों की फसल में कई जगह फुल भी आ चुके हैं। ऐसे समय में तापमान में आई गिरावट और नमी फसलों की बढ़वार और अधिक पैदावार के लिए अनुकूल मानी जा रही है। ठंड बढ़ने से फसलों में कीट और रोगों का प्रकोप भी कम रहता है।
नहरों में पानी आने से किसानों को राहत
मौसम की मेहरबानी के साथ सिंचाई विभाग ने भी किसानों को राहत दी है। विभाग द्वारा क्षेत्र की प्रमुख नहरों और रजवाहों में पानी छोड़ दिया गया है। नहरों में पानी आने से उन किसानों की चिंता दूर हो गई है, जिन्होंने अगेती गेहूं की बिजाई की थी। अब अगेती फसल को पहली सिंचाई की जरूरत है।
नहरी पानी उपलब्ध होने से किसान बिना किसी अतिरिक्त डीजल या बिजली खर्च के अपने खेतों की सिंचाई आसानी से कर सकेंगे। इससे फसल की जड़ें मजबूत होंगी और पैदावार में इजाफा होगा। दूसरी तरफ नहरों में पानी आने से जलघर के तालाबों काे भी भरा जा सकेगा, जिससे लोगों को पेजयल की निर्बाध सप्लाई मिलेगी।
जिन खेतों में नमी अधिक है और गेहूं की बिजाई कुछ दिन पहले की है, वे सिंचाई न करें। जो किसान अगेती बिजाई कर चुके हैं वे सिंचाई करें। कोहरा रबी की फसलों के लिए जरूरी है।
-डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेहरा, एसडीओ, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग
यह भी पढ़ें- एक क्लिक और मोबाइल हैक, सोनीपत के युवक ने गंवाए 2.91 लाख रुपये, आप भी न करें ये गलती
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।