सोनीपत में पराली जलाने वालों पर कसेगा शिकंजा, दो अतिरिक्त ड्रोन से होगी निगरानी; उल्लंघन पर लगेगा जुर्माना
सोनीपत में पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। जिले में दो अतिरिक्त ड्रोन तैनात किए गए हैं, जिससे कुल चार ड्रोन से निगरानी की जाएगी। उल्लंघन करने वालों पर एफआईआर होगी।
-1795370392758_m.webp)
सोनीपत में पराली जलाने वालों के खिलाफ लगेगा जुर्माना। फोटो-जागरण
HighLights
कृषि विभाग ने पराली जलाने पर सख्ती बढ़ाई है।
सोनीपत में दो अतिरिक्त ड्रोन तैनात किए गए।
उल्लंघन पर जुर्माना, एफआईआर और रेड एंट्री होगी।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। फसल अवशेषों में आगजनी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ने की आशंका को देखते हुए विभाग ने दो अतिरिक्त ड्रोन तैनात किए हैं।
इसके साथ ही अब जिले में ड्रोन से निगरानी करने वाली टीमों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। सभी टीमों को संवेदनशील और यलो जोन में शामिल गांवों की लगातार निगरानी करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
80 प्रतिशत से अधिक फसल की हो चुकी कटाई
जिले में खरीफ सीजन के दौरान करीब एक लाख हेक्टेयर भूमि पर धान की रोपाई की गई थी, जिसमें से 80 प्रतिशत से अधिक फसल की कटाई पूरी हो चुकी है। धान की कटाई अंतिम चरण में होने के कारण किसान गेहूं की अगली बिजाई के लिए खेत जल्दी खाली करने की तैयारी में हैं।
इस जल्दबाजी में किसान फसल अवशेषों में आग न लगाएं, इसके लिए विभाग जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ जमीनी और हवाई निगरानी पर जोर दे रहा है।
जुर्माने के साथ एफआईआर और रेड एंट्री की चेतावनी
कृषि विभाग सैटेलाइट, ड्रोन और फील्ड टीमों के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रख रहा है। अब तक जिले में सैटेलाइट के माध्यम से आगजनी की 14 लोकेशन प्राप्त हुई हैं, जिनमें से भौतिक सत्यापन के बाद पांच किसानों पर जुर्माना लगाया जा चुका है। जिले के 10 गांवों को यलो जोन में चिह्नित किया गया है, जहां प्रशासन का विशेष ध्यान केंद्रित है।
नियमों का उल्लंघन करने वाले किसानों पर पांच हजार से लेकर 30 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा संबंधित किसान के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने और मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर रेड एंट्री करने का भी प्रावधान है, जिससे फसल की सरकारी खरीद बाधित हो सकती है।
पराली प्रबंधन के लिए यंत्रों पर दी जा रही सब्सिडी
पिछले खरीफ सीजन में सैटेलाइट से आगजनी की 68 लोकेशन सामने आई थीं, जिनमें से 11 स्थानों पर आगजनी की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई थी। इस वर्ष अभी तक स्थिति नियंत्रण में है।
विभाग द्वारा किसानों को पराली प्रबंधन के लिए सब्सिडी पर आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए गए हैं और अवशेष प्रबंधन अपनाने वाले किसानों को प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है।
फसल अवशेषों में आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए विभाग हर संभव कदम उठा रहा है। यलो जोन में शामिल गांवों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पहले दो ड्रोन से निगरानी की जा रही थी, लेकिन नवंबर के अंतिम दिनों की संभावनाओं को देखते हुए दो अतिरिक्त ड्रोन मंगवाए गए हैं। किसानों से अपील है कि वे पराली न जलाएं और अवशेष प्रबंधन को अपनाएं।
-डा. बलवंत, कृषि उपनिदेशक, सोनीपत
यह भी पढ़ें- शराब पार्टी में मर्डर, सोनीपत के गन्नौर में युवक की चाकू मारकर हत्या; हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।