अब नकद पैसे देने का झंझट खत्म, QR कोड से होगा भुगतान; ई-उपचार पोर्टल से घर बैठे मिलेगी अपॉइंटमेंट
सोनीपत के जिला नागरिक अस्पताल में अब सभी लेनदेन कैशलेस होंगे, जिसके लिए जल्द ही विभिन्न काउंटरों पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे।

जल्द शुरू होगी क्यूआर कोड और आनलाइन अपाइंटमेंट सुविधा।
HighLights
अस्पताल में सभी लेनदेन अब पूरी तरह कैशलेस होंगे।
क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल भुगतान की सुविधा मिलेगी।
ई-उपचार पोर्टल से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकेंगे।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। जिला नागरिक अस्पताल में अब हर तरह का लेनदेन पूरी तरह से कैशलेस होगा। इसके लिए विभिन्न काउंटरों पर जल्द ही क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। इसके लागू होने के बाद मरीजों को ओपीडी की पांच रुपये की पर्ची से लेकर एमएलआर फीस और पोस्टमार्टम रिपोर्ट जैसी सेवाओं के लिए चिल्लर (खुले पैसे) के झंझट से मुक्ति मिलेगी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार अब मरीजों को फीस जमा करने के लिए नकद राशि देने की बाध्यता नहीं रहेगी। अस्पताल के सभी भुगतान काउंटरों पर क्यूआर कोड स्थापित किए जा रहे हैं। मरीज या उनके स्वजन अपने मोबाइल से सीधे क्यूआर कोड स्कैन कर डिजिटल माध्यम से भुगतान कर सकेंगे।
पंजीकरण काउंटरों पर खुल्ले पैसों का झंझट खत्म हो जाएगा। वहीं, मरीजों को खून जांच लैब में शुल्क कराने के दौरान भी आनलाइन की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे जांच कराने के लिए खुले रुपये नहीं देने होंगे।
ई-उपचार पोर्टल से घर बैठे बुक करें अपाइंटमेंट
कैशलेस लेनदेन के साथ-साथ मरीजों को लंबी लाइनों से बचाने के लिए आनलाइन प्री-अपाइंटमेंट की सुविधा भी शीघ्र शुरू की जा रही है। मरीज ई-उपचार पोर्टल के माध्यम से पहले ही घर बैठे अपना समय (अपाइंटमेंट) बुक कर सकेंगे। इसके लिए अस्पताल परिसर में एक अलग 'प्री-रजिस्ट्रेशन काउंटर' बनाया जाएगा।
ऑनलाइन बुकिंग कराकर आने वाले मरीज सीधे इस काउंटर पर जाकर अपना कार्ड प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उन्हें सामान्य लाइनों में समय नहीं गंवाना पड़ेगा।
1500 से अधिक की ओपीडी
जिला नागरिक अस्पताल में 1500 से अधिक की ओपीडी हैं, मरीजों को पंजीकरण से लेकर लैब में खून जांच के लिए नकद भुगतान करना पड़ता था। जिससे कई बार खुले पैसों को लेकर कर्मचारियों व मरीजों में बहस भी हो जाती थी। इससे मरीजों व कर्मचारियों दोनों का समय बर्बाद होता था। इन समस्याओं को खत्म करने व डिजिटल को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने आनलाइन सिस्टम चालू करने का निर्णय लिया है।
'अस्पताल में कैशलेस लेनदेन व आनलाइन प्री-अपाइंटमेंट की सुविधाएं जल्द ही एक साथ शुरू कर दी जाएंगी, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी और मरीजों का कीमती समय भी बचेगा। इससे मरीजों को खुले पैसों के झंझट से छुटकारा मिलेगा।'
-डा. अलंकृता गेरा, सिविल सर्जन, सोनीपत
यह भी पढ़ें- सोनीपत: लाठी-डंडों से पीटकर बुजुर्ग का किया बुरा हाल, इलाज के दौरान मौत; दूसरा आरोपी अब भी फरार
यह भी पढ़ें- सोनीपत के इस गांव में जर्जर पशु अस्पताल की जगह बनेगा नया भवन, OPD और लैब की मिलेगी सुविधा
