विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Sonipat Air Pollution: औद्योगिक उत्सर्जन और खुले में कचरा जलाने से बढ़ा प्रदूषण, मानकों पर फेल 7 फैक्ट्रियां सील

Published: Sat, 21 Nov 2026 05:50 PM (IST)

सोनीपत में वायु प्रदूषण औद्योगिक इकाइयों के उत्सर्जन, खुले में कूड़ा जलाने और सड़कों की धूल के कारण बढ़ रहा है। प्रदूषण नियंत्रण मानकों का पालन न करने पर 7 औद्योगिक इकाइयों को सील किया गया है।

सोनीपत की एक फैक्ट्री से निकलता काला धुआं। जागरण

सोनीपत की एक फैक्ट्री से निकलता काला धुआं। जागरण

HighLights

  1. औद्योगिक उत्सर्जन, खुले में कूड़ा जलाना प्रदूषण के मुख्य कारण।

  2. मानकों पर फेल होने पर सोनीपत की 7 फैक्ट्रियां सील की गईं।

  3. सड़कों की धूल और बायोमास जलना भी प्रदूषण बढ़ा रहा है।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। वायु प्रदूषण के लिए औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाला उत्सर्जन, खुले में जलाया जा रहा कूड़ा और सड़कों से उड़ती धूल प्रमुख कारण बन रहे हैं। जिले में बढ़ते वायु प्रदूषण के पीछे औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाला उत्सर्जन एक बड़ा कारण बनकर सामने आया है।

एनर्जी एंड रिसोर्स इंस्टीट्यूट और ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया की स्टडी के मुताबिक पीएम-10 प्रदूषण में धूल और निर्माण गतिविधियों की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत मिली थी।

वाहनों का योगदान लगभग 23 प्रतिशत और बायोमास जलने का करीब 16 प्रतिशत था। वहीं, पीएम-2.5 में फैक्ट्रियों की चिमनियों और ईंधन जलने से निकलने वाले महीन कण से होने और वाहनों का योगदान लगभग 27-27 प्रतिशत था।

जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण के इंतजामों और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सीपीसीबी ने औद्योगिक इकाइयों को संशोधित पार्टिकुलेट मैटर उत्सर्जन मानक 50 मिलीग्राम प्रति सामान्य घनमीटर के अनुरूप एयर पॉल्यूशन कंट्रोल डिवाइस (एपीसीडी) लगाने के निर्देश दिए थे।

61 इकाइयों के दस्तावेज संतोषजनक नहीं

इसके लिए इकाइयों को उपकरण लगाने के वर्क आर्डर से संबंधित दस्तावेज केंद्रीय बोर्ड के विशेष पोर्टल पर अपलोड करने थे, लेकिन पोर्टल की समीक्षा में सोनीपत की 61 इकाइयों के दस्तावेज संतोषजनक नहीं है।

वहीं, दूसरी तरफ ऑनलाइन कंटीन्यूअस एमिशन मानिटरिंग सिस्टम (ओसीइएमएस) के निर्धारित मानकों पर भी औद्योगिक इकाइयां खरी नहीं उतर रही है। जिसके चलते अब तक सात इकाइयों को सील किया जा चुका है और बिजली कनेक्शन काटने के लिए निगम को पत्र भेजा गया है।

ऑनलाइन कंटीन्यूअस एमिशन मानिटरिंग सिस्टम (ओसीइएमएस) प्रोटोकाल-2018 के अनुसार औद्योगिक इकाइयों के लिए ऑनलाइन निगरानी का कम से कम 85 प्रतिशत डाटा उपलब्ध होना अनिवार्य है, लेकिन औद्योगिक इकाइयों के पास डाटा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में कई के खिलाफ क कार्रवाई भी हो चुकी है।

खुले में जलाया जा रहा कूड़ा, निगरानी कमजोर

औद्योगिक इकाइयों पर कार्रवाई के बावजूद शहर में खुले में कूड़ा जलाने की घटनाएं नहीं रुक रही हैं। सोनीपत-बहालगढ़ रोड से लेकर मेरठ रोड तक रात के समय कूड़े के ढेर में आग लगाने की घटनाएं सामने आई हैं।

मुरथल क्षेत्र में भी कूड़ा जलाया जा रहा है। इससे निकलने वाला धुआं आसपास के वातावरण को प्रदूषित कर रहा है। दिन में सफाई व्यवस्था और कूड़ा उठान के दावे किए जाते हैं, लेकिन रात में निगरानी कमजोर होने से समस्या बनी हुई है।

झाड़ू से सफाई और कच्ची सड़कें भी बढ़ा रहीं प्रदूषण

शहर में कई जगह आज भी झाड़ू लगाकर सफाई की जा रही है। इससे सड़कों पर जमा महीन धूल दोबारा हवा में फैलती है। धूल को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पानी के छिड़काव और मैकेनिकल स्वीपिंग की व्यवस्था भी नहीं है।

वहीं, खरखौदा क्षेत्र के फिरोजपुर बांगर में अनधिकृत औद्योगिक क्षेत्र में पक्की सड़कों का अभाव है। कच्ची सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही से धूल के गुबार उठते हैं। ऐसे में औद्योगिक उत्सर्जन के साथ सड़क की धूल भी प्रदूषण को बढ़ा रही है।

गोहाना में जगह-जगह जल रहा कचरा, बढ़ रहा प्रदूषण

शहर में रोहतक रोड स्थित ड्रेन आठ के पास आसपास के दुकानदार और लोग रोजाना कचरा डाल देते हैं और बाद में उसमें आग लगा दी जाती है। इसके अलावा पानीपत-रोहतक हाईवे के बाईपास पर रोहतक की तरफ खाली पड़ी जगह पर भी कबाड़ी गांवों से खरीदे गए अनुपयोगी सामान को फेंककर दियासलाई दिखा रहे हैं।

पुरानी सब्जी मंडी के निकट बने डंपिंग प्वाइंट पर भी कचरे के ढेर में आग लगने से उठता धुआं राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। कचरा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए नगर परिषद की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

नियमित निगरानी और चालान की कार्रवाई न होने से कचरा जलाने वालों के हौसले बुलंद हैं, जिसका सीधा असर शहर की आबोहवा पर पड़ रहा है।

सड़कों पर पानी छिड़काव तक सिमटी नप

गोहाना में प्रदूषण नियंत्रण के नाम पर नगर परिषद की कार्रवाई फिलहाल केवल सड़कों पर पानी का छिड़काव करने तक ही सीमित है। धूल उड़ने से रोकने के लिए नप ने तीन ट्रैक्टर और टैंकर लगाए हैं, जिनके माध्यम से रोजाना शहर की सभी प्रमुख सड़कों पर पानी छिड़का जाता है। कचरा जलाने वाले लोगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। ग्रैप लागू हाेने के बाद नप की तरफ से अब तक किसी पर जुर्माना नहीं लगाया गया है।

प्रदूषण का स्रोत हिस्सेदारी
बायोमास जलना 27.11 प्रतिशत
वाहन 26.71 प्रतिशत
सेकेंडरी पार्टिकल्स 24.70 प्रतिशत
धूल और निर्माण 11.27 प्रतिशत
औद्योगिक इकाइयां 7.12 प्रतिशत
अन्य 3.09 प्रतिशत

 

सफाई सुपरवाइजरों को निर्देश दिए गए हैं कि शहर में कहीं भी कोई कचरा जलाते हुए नजर आए तो उस पर तुरंत कार्रवाई करें। शहर में निगरानी और बढ़ाई जाएगी।
-दुर्गा देवी, सीआइएस, नगर परिषद, गोहाना

यह भी पढ़ें- कैसी दिखेगी कल की दिल्ली? यमुना को फिर से 'निर्मल' बनाने के लिए आ गया महाप्लान, उपराज्यपाल ने बताया पूरा रोडमैप


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।