विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैसी दिखेगी कल की दिल्ली? यमुना को फिर से 'निर्मल' बनाने के लिए आ गया महाप्लान, उपराज्यपाल ने बताया पूरा रोडमैप

Published: Sat, 21 Nov 2026 03:08 PM (GMT+05:30)

विशेषज्ञों ने यमुना को स्वच्छ और अविरल बनाने के लिए उसके प्राकृतिक प्रवाह को बढ़ाने तथा प्रदूषण रोकने पर जोर दिया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. यमुना के प्राकृतिक प्रवाह को बढ़ाने पर विशेषज्ञों का जोर।

  2. उपराज्यपाल ने जनभागीदारी को यमुना पुनरुद्धार की कुंजी बताया।

  3. प्रदूषण नियंत्रण और सीवेज प्रबंधन पर विशेष ध्यान।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। यमुना संवाद में विशेषज्ञों ने यमुना को अविरल और स्वच्छ बनाने के लिए इसके प्राकृतिक प्रवाह को बढ़ाने और गंदगी को गिरने से रोकने पर बल दिया। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने इस कार्यक्रम के उद्घाटन के अवसर पर कहा कि यमुना राजधानी की पारिस्थितिकी, विरासत और यहां के लोगों के दैनिक जीवन से जुड़ी हुई है।

इसका पुनरुद्धार दिल्ली के भविष्य से संबंधित है। इसमे आम नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी कहना है कि जनभागीदारी स्थायी परिवर्तन की कुंजी होती है।

इसे ध्यान में रखकर वैज्ञानिक दृष्टिकोण व आंकड़ों पर आधारित योजना को जनभागीदारी के साथ जोड़कर पुनर्जीवित यमुना और विकसित दिल्ली की दिशा में काम किया जा रहा है।

यमुना संवाद कार्यक्रम में उपराज्यपाल ने कही ये बातें

बांसेरा में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा यमुना संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपराज्यपाल ने कहा कि यमुना संवाद में सरकारी संस्थाओं, तकनीकी विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों, अंतरराष्ट्रीय साझेदारों और अन्य हितधारकों को एक साथ लाया गया, ताकि नदी को एक व्यापक और एकीकृत दृष्टिकोण से देखा जा सके और इसके सतत विकास के लिए एक साझा दृष्टिकोण तैयार किया जा सके।

भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की सचिव डी थारा ने कहा कि यमुना नदी की स्वच्छता सुनिश्चित करने और उसे उसके मूल निर्मल स्वरूप में वापस लाने के लिए सामूहिक प्रयास, संवाद और ठोस कदम आवश्यक हैं। डीडीए के उपाध्यक्ष एन सरवण कुमार ने कहा कि यह कार्यक्रम यमुना नदी के पुनरुद्धार के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के प्रति एक पहल है।

दीर्घकालिक जवाबदेही और उत्तरदायित्व सुनिश्चित हो

विशेषज्ञों ने शासन व्यवस्था, बाढ़ क्षेत्र नियोजन एवं पारिस्थितिक उपाय, शहरी जल एवं जल निकासी प्रबंधन, नदी-जनता संबंध एवं घाटों का विकास, नवनीतम तकनीक, शोध व नवाचार और सतत वित्त पोषण माडल पर चर्चा की।

कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दीर्घकालिक जवाबदेही व उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने के साथ ही आंकड़ों का आदान-प्रदान और डूब क्षेत्र, आर्द्रभूमि, नाले, भूजल व जैव विविधता क्षेत्र के समग्र विकास पर ध्यान देना होगा।

उन्होंने सीवेज प्रबंधन, जल निकासी, प्रदूषण नियंत्रण, जल के फिर से उपयोग तथा नदी में पर्यावरणीय प्रवाह बनाए रखने के लिए एकीकृत एवं जलग्रहण क्षेत्र आधारित व्यवस्था अपनाने पर बल दिया।

कहा, नदी की पारिस्थितिक संवेदनशीलता तथा उसके सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं नागरिक महत्त्व का सम्मान करते हुए दिल्लीवासियों को इससे जोड़ने के लिए योजनाओं पर काम करना होगा। आधुनिक तकनीक के उपयोग और विज्ञानियों को एक मंच पर लाने की आवश्यकता है।

पड़ोसी राज्यों के साथ मिलकर हो रहा काम

दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक पांडेय ने कहा कि यमुना में अपशिष्ट जाने से रोकने के लिए पुराने सीवेज उपचार संयंत्रों की क्षमता बढ़ाने के साथ ही नए का निर्माण, बायो गैस संयंत्र का निर्माण, सीवर लाइन का विस्तार के साथ ही पड़ोसी राज्यों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।

स्वच्छ गंगा के लिए यमुना का साफ होना जरूरी

नेशनल मिशन फार क्लीन गंगा के निदेशक डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि स्वच्छ गंगा के लिए यमुना सहित इसमें मिलने वाली अन्य नदियों का साफ होना जरूरी है। आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर विनोद तारे ने कहा कि नदी की सफाई व प्रबंधन में सरकार के साथ ही शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

यह भी पढ़ें- यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए बागपत में 76 करोड़ से लगेगा एसटीपी, रोज 2 करोड़ लीटर गंदा पानी करेगा साफ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।