पीएम स्वनिधि योजना का दायरा बढ़ा: दूधिए, धोबी और हस्तशिल्प कारीगर भी होंगे शामिल; बिना गारंटी मिलेगा ऋण
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का दायरा बढ़ा दिया गया है, जिसमें अब छोटे कारीगरों, दूधियों और धोबियों जैसे स्वरोजगार करने वाले लोगों को बिना गारंटी ऋण मिलेगा।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
योजना में दूधिए, धोबी, कारीगर जैसे नए वर्ग शामिल।
छोटे स्वरोजगार करने वालों को बिना गारंटी ऋण मिलेगा।
समय पर ऋण चुकाने पर ब्याज में छूट का लाभ।
जागरण संवाददाता, गोहाना। कोरोना काल में रेहड़ी-पटरी लगाने वाले स्ट्रीट वेंडरों व छोटे सेवा प्रदाताओं को आर्थिक सहायता देने के लिए शुरू की गई प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का दायरा बढ़ा दिया गया है।
अब छोटे कारीगरों व हस्तशिल्प निर्माताओं, कर्मयोगियों, दूधियों, मोची और धोबियों सहित अन्य छोटे स्वरोजगार करने वाले लोगों को भी योजना का लाभ मिल सकेगा। उन्हें बिना किसी गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को ब्याज में भी छूट मिलेगी।
छोटे स्तर पर काम करने वाले ऐसे लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें कारोबार या काम बढ़ाने के लिए अकसर साहूकारों से अधिक ब्याज पर पैसा लेना पड़ता है।
बैंकिंग व्यवस्था से आसान ऋण मिलने पर वे साहूकारों के चुंगल में फंसने से बच सकेंगे और अपने काम का विस्तार कर सकेंगे। नगर परिषद विशेष अभियान चलाकर योजना के नए पात्र लोगों को जागरूक करेगी।
पूरे सितंबर माह में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। नगर परिषद में 9, 15, 21 और 25 सितंबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां पात्र लोगों को योजना की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया में भी मदद की जाएगी।
प्रोफाइलिंग की गति धीमी
पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को केंद्र सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए पीएम स्वनिधि से समृद्धि योजना के तहत प्रोफाइलिंग की जा रही है।
गोहाना में अभी तक 49 प्रतिशत लाभार्थियों की प्रोफाइलिंग नहीं हो सकी है। काफी लाभार्थी समय पर दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। जब तक लाभार्थियों की प्रोफाइलिंग पूरी नहीं होगी, तब तक उन्हें केंद्र सरकार की सात योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाएगी।
नगर परिषद सितंबर में अब नए पात्र लोगों को जोड़ने के साथ पुराने लाभार्थियों की प्रोफाइलिंग पूरी करने पर भी जोर देगी। इससे लाभार्थियों को केवल ऋण तक सीमित न रखकर सामाजिक सुरक्षा और अन्य सरकारी योजनाओं से भी जोड़ा जा सकेगा।
पीएम स्वनिधि योजना की स्थिति
- कुल आवेदन---8261
- स्वीकृत आवेदन---6050
- ऋण प्राप्त करने वाले लाभार्थी---5863
- प्रथम चरण में लाभार्थी---4641
- दूसरे चरण में लाभार्थी---1076
पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेकर छोटे कारोबारी और पारंपरिक काम करने वाले लोग अब योजना का लाभ लेकर काम कर विस्तार कर सकेंगे। हस्तशिल्प और छोटे कारीगर लोगों को महंगे ब्याज पर पैसे नहीं लेने पड़ेंगे। समय पर ऋण चुकाने पर ब्याज में छूट मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। पीएम स्वनिधि से समृद्धि के माध्यम से पात्र परिवारों को केंद्र सरकार की सात योजनाओं का लाभ मिलेगा।
-राकेश कादियान, शहरी परियोजना अधिकारी, पीएम स्वनिधि योजना
यह भी पढ़ें- कारगर साबित हुई पीएम स्वनिधि योजना, दिल्ली के 1.95 लाख स्ट्रीट वेंडर्स को मिला 367 करोड़ रुपये का ऋण
यह भी पढ़ें- पीएम स्वनिधि योजना: रेहड़ी-पटरी वालों को डिजिटल भुगतान पर मिलेगा 1200 रुपये तक का कैशबैक
