विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम स्वनिधि योजना: रेहड़ी-पटरी वालों को डिजिटल भुगतान पर मिलेगा 1200 रुपये तक का कैशबैक

By Ali Abbas Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 04 Jun 2026 06:55 PM (GMT+05:30)

आगरा में 1 से 30 जून तक पीएम स्वनिधि योजना के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें रेहड़ी-पटरी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, आगरा। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से अधिक से अधिक रेहडी-पटरी वालों को जोड़ने के लिए जिले में एक से 30 जून तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें पात्र रेहड़ी-पटरी वालों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा।

साथ ही स्वनिधि योजना में डिजिटल भुगतान करने वालों को 1,200 रुपये तक कैशबैक मिलेगा। परियोजना अधिकारी डूडा शिशिर कुमार ने बताया कि अभियान को तीन स्तरों पर संचालित किया जा रहा है। जिससे कि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र वेंडर्स तक पहुंच सके।

‘स्वनिधि महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें योजना से लाभान्वित स्ट्रीट वेंडर्स और उनके परिवारों की सफलता की कहानियां, उपलब्धियां और प्रेरणादायक अनुभव साझा किए जाएंगे। इसके माध्यम से अन्य वेंडर्स को भी योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

नगर निकाय स्तर पर ‘लोक कल्याण मेले’ आयोजित होंगे। वेंडर्स को पीएम स्वनिधि ऋण, क्रेडिट कार्ड सुविधा, डिजिटल भुगतान संबंधी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए कैशबैक प्रोत्साहन राशि में वृद्धि की है।

योजना के तहत वेंडर्स को अपनी यूपीआई आईडी डूडा कार्यालय में उपलब्ध करानी होगी, जिसे भारत सरकार के एसआईडीबीआई पोर्टल से लिंक कराया जाएगा।

इसके बाद यदि कोई वेंडर प्रतिमाह न्यूनतम 200 डिजिटल लेनदेन करता है तो उसे प्रत्येक माह 100 रुपये तक कैशबैक प्राप्त होगा। इस प्रकार निर्धारित अवधि में वेंडर्स को 1200 रुपये तक का कैशबैक का लाभ मिल सकेगा।