Sonipat News: डेढ़ साल के बच्चे को पिता ने मारी गोली, फिर हो गया फरार; ऐसे सामने आया मामला
सोनीपत के गांव लाठ में एक पिता ने अपने डेढ़ साल के बेटे पर गोली चला दी। हालांकि वह उसके बाजू को छूकर निकल गई। घटना के बाद बच्चे का पिता फरार हो गया जबकि मां और दादा उसे नजदीकी अस्पताल लेकर गए। जब घटना की जानकारी पुलिस को हुई तो बच्चे की मां और दादा से पूछताछ की लेकिन उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। गांव लाठ में घर पर डेढ़ साल के बच्चे को गोली मार दी गई, जिससे वह घायल हो गया। गोली बाजू में लगी है। घटना के बाद बच्चे का पिता फरार हो गया जबकि मां और दादा उसे गांव खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल लेकर गए। मां और दादा ने पुलिस को कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने घर पर जाकर जांच की तो वहां खून के निशान मिले। सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) की शिकायत पर बच्चे के पिता के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्चे के पिता के नाम लाइसेंस हथियार नहीं है।
पुलिस को भी परिजन ने नहीं दी जानकारी
सदर थाना गोहाना की पुलिस को शुक्रवार देर रात को सूचना मिली की गांव लाठ के लगभग डेढ़ साल के अयांस पुत्र अजय को गोली लगी है और उसे भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल के आपातकालीन विभाग में दाखिल करवाया गया है। इस पर एएसआई नीरज पुलिस टीम के साथ अस्पताल गए। वहां पर अयांस के साथ उसकी मां हिमांशी और दादा जोरा सिंह मिले। पुलिस ने दोनों से गोली लगने के बारे में पूछा लेकिन उन्होंने कोई जानकारी देने से मना कर दिया।
मां और दादा ने गोली लगने की बात छुपाई
दोनों ने लिखित और मौखिक देने से इनकार करके सच्चाई को छुपा लिया। इसके बाद पुलिस गांव लाठ में अजय के घर पहुंची और जांच की। घटनास्थल पर खून के निशान मिले। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि अयांस को उसके घर पर ही गोली मारी गई है। गोली उसके पिता अजय ने चलाई थी। अयांस का जन्म 22 अगस्त 2022 को हुआ था। एएसआई नीरज की शिकायत पर अजय के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया।
अजय के पास नहीं है हथियार का लाइसेंस
घटना के बाद सदर थाना की पुलिस ने जांच की तो अजय के नाम हथियार का लाइसेंस नहीं मिला। इससे लग रहा है कि उसने अवैध हथियार या किसी दूसरे का हथियार लेकर फायर किया। अजय ने बेटे को हत्या की कोशिश की या किसी अन्य को गोली मारते समय निशाना चुका, यह उसकी गिरफ्तारी के बाद पता लग पाएगा। अजय फिलहाल फरार है। अजय और हिमांशी शादी से पहले एक-दूसरे को पसंद करते थे। दोनों के स्वजन में सहमति से उनका विवाह करवा दिया था।
बच्चे की मां और उसके दादा ने सच्चाई छुपाते हुए कोई जानकारी देने से इंकार कर दिया। बच्चे की उम्र कम है। इस पर पुलिस के एएसआई की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। वहीं, जांच की जा रही है कि किसी और पर चलाई गोली बच्चे को लगी है या सीधे बच्चे को गोली मारी गईं है। - महिपाल, प्रभारी, सदर थाना गोहाना