'एक ही परिवार का कब्जा...', कबड्डी संघ हरियाणा पर भड़के 'डुबकी किंग' प्रदीप नरवाल; PM मोदी से कही ये बात
भारतीय कबड्डी खिलाड़ी प्रदीप नरवाल ने हरियाणा कबड्डी संघ के हालिया चुनावों पर सवाल उठाए हैं, जिसमें अनियमितताओं और एक परिवार के एकाधिकार का आरोप लगाया गया है।
HighLights
प्रदीप नरवाल ने कबड्डी संघ चुनाव में अनियमितता का आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री मोदी और खेल मंत्री से हस्तक्षेप की मांग की।
एक ही परिवार के कब्जे और गुप्त चुनाव पर सवाल उठाए।
जागरण संवाददाता, गोहाना। एमेच्योर कबड्डी संघ हरियाणा के चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भारतीय कबड्डी के दिग्गज खिलाड़ी प्रदीप नरवाल ने चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की है।
इसके साथ ही केंद्रीय खेल मंत्री और हरियाणा सरकार से भी दखल देने की मांग की है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी करके एमेच्योर कबड्डी संघ हरियाणा के चुनाव को लेकर सवाल उठाया है।
चुनाव प्रक्रिया पर लगाए अनियमितताओं के आरोप
गांव रिंढाणा निवासी और डुबकी किंग के नाम से मशहूर प्रदीप नरवाल ने एमेच्योर कबड्डी संघ हरियाणा के हालिया चुनाव पर सवाल उठाए हैं।
विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेलों में पदक जीत चुके नरवाल ने आरोप लगाया कि चुनाव में नियमों को ताक पर रखकर अनियमितताएं की गईं।
उन्होंने कहा कि संघ पर लंबे समय से एक ही परिवार का कब्जा और एकाधिकार बना हुआ है। बिना उचित सार्वजनिक नोटिस के गुपचुप तरीके से चुनाव कराए गए, जो उनके अनुसार नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट 2025 का उल्लंघन है।
अनुभवी खिलाड़ियों को मौका नहीं मिलने की चिंता
प्रदीप नरवाल का कहना है कि यदि इसी तरह चुनाव होते रहे तो अनुभवी खिलाड़ियों को संघ में आने और खेल प्रशासन में अपनी भूमिका निभाने का मौका नहीं मिलेगा। उन्होंने संघ से जुड़े प्रमुख लोगों की संपत्ति की जांच कराने की भी मांग उठाई है।
चुनाव रद कर पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने की मांग
नरवाल ने हाल में हुए चुनाव को रद कर पारदर्शी तरीके से दोबारा चुनाव कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे दूसरे खिलाड़ी भी आगे आकर इस मामले में अपना पक्ष रखेंगे।
पहले भी उठ चुकी है चुनाव की वैधता पर आपत्ति
प्रदीप नरवाल से पहले भारतीय खेल यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवेश नांदल भी चुनाव के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं। नांदल ने इन चुनावों को पूरी तरह असंवैधानिक बताया है।
उन्होंने जिला रजिस्ट्रार ऑफ सोसाइटीज, केंद्रीय खेल मंत्रालय और हरियाणा खेल विभाग को शिकायत भेजकर नई कार्यकारिणी की मंजूरी रोकने और संघ में प्रशासक नियुक्त करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- सोनीपत मंडी में धान की बंपर आवक, मार्केट फीस से लबालब हुई झोली; 26 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।